आगरालीक्स…आगरा में फिर 44 डिग्री पहुंचा तापमान. भीषण गर्मी से नहीं मिल रही राहत. दिन में चल रही लू, बाहर निकलना कर रहा लोगों को बीमार…
आगरा में इस सीजन की गर्मी कुछ ज्यादा ही लोगों को परेशान कर रही है. मार्च के बाद अप्रैल की शुरुआत में ही गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. हालत ये है कि अभी तक एक भी दिन गर्मी से राहत नहीं मिली है. तापमान लगातार बढ़ रहा है. बीते दिनों तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया था. तीन दिन कुछ कम रहा लेकिन अब फिर से तापमान बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान भी 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ये भी सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा.

दिन में चल रही लू, निकलना कर रहा बीमार
आगरा में इस समय दिन के समय लू चल रही है. दोपहर को ऐसा लग रहा है जैसे आसमान से आग बरस रही हो. जिन लोगों को मजबूरी या किसी काम से दोपहर के समय बाहर निकलना पड़ रहा है, वो लोग खुद को पूरी तरह से पैक करके ही बाहर निकल रहे हैं. इसके अलावा दोपहर को बाहर निकलने से लोग बीमार भी हो रहे हैं.