आगरालीक्स…कोरोना को लेकर सीएम ने जारी किए नये आदेश. मास्क लगाना करें जरूरी. स्कूलों में बच्चों के लिए जरूरी हो कोविड प्रोटोकॉल..
बुधवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 के संबंध में गठित समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की. इसमें उन्होंने बच्चों के टीकाकरण को तेज करने और कोविड प्रोटोकॉल का पालन करवाने हेतु निर्देशित किया. उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण अभियान की प्रगति संतोषप्रद है किंतु बच्चों के टीकाकरण को और तेज करने की आवश्यकता है. 12 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को पहली डोज के बाद अब पात्रता के अनुसार दूसरी डोज भी दी जाए. 18+ आयु के लोगों को बूस्टर डोज लगाए जाने में तेजी की अपेक्षा है. प्रत्येक दशा में यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी नागरिक टीकाकवर से वंचित न रहे. बूस्टर डोज की महत्ता और बूस्टर टीकाकरण केंद्रों के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए.

सीएम ने समीक्षा बैठक में कहा कि बच्चों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर हमें सतर्क रहना होगा. स्कूलों में कोविड प्रोटोकॉल के बारे में बच्चों को जागरूक किया जाए. इसके अलावा पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जाए. लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन के लिए जागरूक किया जाए. NCR के जिलों (गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत) तथा जनपद लखनऊ में सभी के लिए सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क लगाया जाने की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए.
सीएम को अधिकारियों ने दी ये जानकारी
समीक्षा बैठक में सीएम को अवगत कराया गया कि 30.86 करोड़ से अधिक कोविड टीकाकरण के साथ ही 18+ आयु वर्ष की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 86.69% से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है. 15 से 17 आयु वर्ग में 94.26% किशोरों को पहली खुराक मिल चुकी है. सीएमको अवगत कराया गया कि विगत 24 घंटों में 1.13 लाख कोरोना टेस्ट किए गए, इसी अवधि में 170 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई, जबकि 110 रोगी उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए. प्रदेश में वर्तमान में कुल कोविड एक्टिव केस की संख्या 856 है. विगत 24 घंटे में गौतमबुद्ध नगर में 103 और गाजियाबाद में 33 नए पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है.