आगरालीक्स…आगरा रीजन में दुखद खबर. आज शाम जानी थी बारात, दोपहर को दूल्हे की करंट लगने से मौत…खुशियों में फैला मातम
आगरा मंडल के मैनपुरी जिले से दुखद खबर सामने आई है. घिरोर थाना क्षेत्र के गांव मानपुर में बुधवार को एक युवकी की करंट लगने से मौत हो गई. युवक की आज शाम को ही बारात जानी थी. हादसे में दो सगे भाई भी गंभीररूप से झुलस गए हैं. बारात जाने से पहले दूल्हे की मौत् ने शादी वाले घर में खुशियों की जगह मातम फैला दिया है.

ये है पूरा मामला
गांव मानपुर में रहने वाले 22 वर्षीय अनुराग पुत्र प्रमोद कुमार की बुधवार को शादी थी. आज शाम को बारात जाने की तैयारी घर में चल रही थी. घर में रिश्तेदारों का जमावड़ा था. बारात शाम को थाना औंछा के गांव मधुपुरी जानी थी. बुधवार दोपहर को अनुराग अपने भाई अनुज व रिश्तेदार सर्वेंद्र के साथ बोरिंग की मरम्मत कर रहा था. इस दौरान बोरिंग से लोहे का पाइप बाहर निकालने के दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया. हाईटेंशन लाइन का तेज करंट पाइप में फैल गया और तीनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए. घटना को देख हड़बड़ाए परिजन तीनों को तुरंत ही जिला अस्पताल लेकर आए. यहां चिकित्सकों ने अनुराग को मृत घोषित कर दिया जबतकि अन्य दोनों युवकों की हालत चिंताजनक है. इधर बारात जाने से पहले ही दूल्हे की मौत ने शादी वाले घर में कोहराम मचा दिया. परिजनों ने पोस्टमार्टम व पुलिस कार्रवाई करने से मना कर दिया. गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया. शादी वाले घर से दूल्हे की बारात की जगह जब अर्थी निकली तो इसे देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं.