आगरालीक्स…आगरा से मुंबई और अहमदाबाद के लिए फिर से फ्लाइट शुरू होने जा रही हैं. बेंगलोर, भोपाल और लखनऊ के लिए चालू हैं आगरा से उड़ानें. इन शहरों के लिए सबसे अधिक डिमांड
आगरा से इस समय भोपाल, बेंगलोर और लखनऊ के लिए फ्लाइट संचालित हैं लेकिन अगले महीने से मुंबई और जून महीने से अहमदाबाद के लिए भी फ्लाइट शुरू होने जा रही हैं. आगरा के खेरिया एयरपोर्ट निदेशक ए अंसारी के अनुसार 5 मई 2022 से एक बार फिर से आगरा को मुंबई से एयरकनेक्ट किया जा रहा है. अब ये फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और रविवार को संचालित होगी. वहीं दो जून से अहमदाबाद के लिए भी एक बार फिर से फ्लाइट संचालित किए जाने की संभावना है. बता दें कि अहमदाबाद की फ्लाइट काफी समय से बंद है. लोग इस फ्लाइट के फिर से शुरू होने की डिमांड काफी समय से कर रहे हैं.

मुंबई के लिए ये होगा टाइम
इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6ई 919 मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दोपहर 12 बजकर 25 मिनट से आगरा के लिए रवाना होगी. यह फ्लाइट दो घंटे 5 मिनट में आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचेगी. इसके बाद यही फ्लाइट दोपहर तीन बजे मुंबई के लिए रवाना होगी जो कि वहां शाम 5 बजकर 5 मिनट पर पहुंच जाएगी.
ये होगा किराया
आगरा टू मुंबई फ्लाइट का किराया सेवर और फ्लैक्सी प्लस में रखा गया है. सेवर का किराया प्रति व्यक्ति् 4028 रुपये रखा गया है तो वहीं फ्लैक्सी प्लस का किराया 4422 रुपये प्रति व्यक्ति है.
इन शहरों के लिए सबसे अधिक डिमांड
आगरा से लोग मुंबई, अहमदाबाद, देहरादून, अमृतसर, कोलकाता, पटना के लिए सबसे ज्यादा फ्लाइट चालू होने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि आगरा पर्यटन स्थल है. देश विदेश के पर्यटक यहां आते हैं लेकिन आगरा के लिए डायरेक्ट कनेक्टिविटी होगी तो यहां का पर्यटन काफी बढ़ेगा. इसके साथ ही गोवा, दिल्ली के लिए भी डिमांड लगातार आ रही है.