आगरालीक्स…आगरा के राजा की मंडी स्टेशन पर फिर हिंदूवादियों ने दी चेतावनी. मंदिर तोड़ने पर होगी आरपार की लड़ाई. पोस्टर भी किए चस्पा..
आगरा के राजा की मंडी स्टेशन से मंदिर हटाने को लेकर रेलवे द्वारा दिए गए नोटिस के विरोध में दिन प्रतिदिन मामला गरमाता जा रहा है. मंदिर हटाने के विरोध में हिंदूवादी संगठन एकत्रित हो गए हैं. हालांकि रेलवे डीआरएम ने मंदिर हटाने को लेकर नोटिस में जो अवधि दी थी वो गुजर गई है लेकिन इसे बाद भी हिंदूवादी संगठन पूरी तरह से एक्टिव हैं. रविवार को भी हिंदूवादियों ने राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर जमकर प्रदर्शन किया. यही नहीं उन्होंने रेलवे को मंदिर तोड़ने पर आर पार की लड़ाई की चेतावनी भी दे डाली है. इसको लेकर स्टेशन पर पोस्टर भी चस्पा किए गए हैं.

रविवार को राष्ट्रीय हिंदू परिषद भारत के अध्यक्ष गोविंद पारशर के नेतृत्व में कार्यकर्ता राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पहुंचे. यहां उन्होंने स्टेशन की दीवारों पर बैनर और पोस्टर चस्पा किए. गोविंद पाराशर ने कहा कि रेलवे द्वारा मंदिर तोड़ने को लेकर दिया गया नोटिस हिंदुओं की भावनाओं को आहत करने वाला है. हमारा विरोध देखकर रेलवे अभी शांत है लेकिन रेलवे के अधिकारी मंदिर तोड़ने का प्रयास करेंगे. लेकिन अगर रेलवे ने ऐसा किया तो पुरजोर विरोध किया जाएगा और संगठन आरपार की लड़ाई लड़ने के लिए भी पूरी तरह से तैयार है.