अलीगढ़लीक्स… अगले तीन दिन भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना है। डीएम ने गर्मी एवं लू से बचाव के लिए कुछ सावधानियां बरतने की अपील की है।
गर्मी व लू से कार्यक्षमता पर पड़ता है प्रभाव

डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि लू चलने की स्थिति में हमारी कार्यप्रणाली की क्षमता पर प्रभाव पडता है, साथ ही लू लगने से व्यक्ति की मृत्यु भी हो सकती है। इससे बचने के लिए कुछ सावधानियां बरतना आवश्यक है।
थोड़ा-थोड़ा पानी प्यास न होने पर भी पीते रहें
इसके तहत अधिक मात्रा पानी पीना, यदि प्यास न लगी हो तब भी थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। घर से बाहर निकलने पर धूप के चश्में, छाता, टोपी, चप्पल आदि का प्रयोग करें।
खुले में काम करने वाले सिर ढंकें
खुले में कार्य करने वाले व्यक्ति अपने सिर, चेहरे व हाथ-पैरों को गीले कपडे से ढकें तथा हल्के रंग के ढ़ीले सूती वस्त्र पहनें। डीएम ने कहा कि घरों में पेय पदार्थ के रूप में लस्सी, नींबू पानी, छाछ आदि का प्रयोग भरपूर मात्रा में करें ताकि शरीर में पानी की कमी की भरपाई हो सके।
यात्रा के समय पानी व ओआरएस साथ ऱखें
यात्रा के समय अपने साथ शुद्ध पेयजल एवं ओआरएस अवश्य रखें। उन्होंने बताया कि अधिक प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थो का सेवन कम करें, वासी भोजन व सड़े-गले फलों का सेवन हरगिज न किया जाए, नियमित रूप से संतुलित एवं हल्के भोजन का प्रयोग करें।
लू लगते ही चिकित्सक की सलाह लें
हीट स्ट्रोक, हीट रैश के लक्षणों जैसे कमजोरी महसूस करना, चक्कर आना, सर दर्द, उबकाई आना, मूर्छा आदि के आने पर तुरन्त चिकित्सक की सलाह लें।
जानवरों को बांधा जाए छायादार स्थान पर
जानवरों को भी छायादार स्थान पर रखें एवं उनके लिये पर्याप्त मात्रा में पीने के पानी की व्यवस्था की जाए। अपने घरों में पर्दे, दरवाजे आदि का प्रयोग करें। शाम एवं रात के समय घर को ठण्डा करने के लिये पर्दे एवं दरवाजों को खोल दें। श्रम साध्य कार्य को तेज धूप में न किया जाए।
गर्भस्थ महिला कर्मियां भी बरतें सावधानी
गर्भस्थ महिला कर्मियों एवं रोगग्रस्त कर्मियों को गर्मी के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
महिलाएं दोपहर के समय खाना बनाने से बचें
उन्होंने महिलाओं को सावधान करते हुये बताया कि दोपहर के समय में खाना बनाने से बचें तथा सांय में रसोई वाले स्थान को ठण्डा करने के लिये दरवाजे एवं खिडकियों को खोल दें। शराब, चाय-कॉफी एवं कार्बोनेटेड सॉफ्ट डिंªक आदि का उपयोग न करें क्योंकि इन पदार्थो के सेवन से शरीर में पानी की कमी हो जाती है।
स्वास्थ्य केंद्रों से लें ओआरएस के पैकेट
उन्होंने जनसाधारण विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों से कहा है कि वह गर्मी के प्रकोप के सम्भावित खतरे से बचाव के लिये अपने घरों में स्वास्थ्य केन्द्र से सरकारी ओआरएस घोल का पैकेट लेकर स्वच्छ एवं ठण्डे स्थान पर रख लें ताकि आवश्यकता पडने पर काम आ सके।