फिरोजाबादलीक्स…अस्पताल में पेट में गांठ दिखाने पहुंचा था व्यक्ति. एचआईवी सेंटर भेजकर दे दी एड्स की दवाएं…पढ़ें लापरवाही की बड़ी खबर
फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज में इलाज को लेकर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां पेट में गांठ दिखाने के लिए पहुंचे एक व्यक्ति को ओपीडी से एचआईवी सेंटर भेज दिया गया. यही नहीं यहां उसे एड्स की दवाएं भी दे दी गईं और कागजों में ही काउंसिलिंग कर रिपोर्ट कार्ड भी तैयार करा दिया. मरीज ने तीन दिन दवाएं भी खा डाली. लेकिन जब स्वास्थ्यकर्मियों को इसकी जानकारी हुई तो अब वो मरीज को दवा वापस करने के लिए मोबाइल पर फोन कर रहे हैं. पीड़ित ने सीएमएस से लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई है.

ये है पूरा मामला
फिरोजाबाद के गावं ऐलई में रहने वाले एक व्यक्ति के पेट में मवाद पड़ गया था. उसका इलाज क्षय रोग कार्यालय के माध्यम से चल रहा था. तबियत बिगड़ने पर युवक जिला अस्पताल पहुंचा तो यहां उसकी एचआईवी की जांच कराई गई. रिपोर्ट नेगेटिव आई तो मेडिकल कॉलेज के क्षय रोग विभाग की ओपीडी में वह चिकित्सक के पास पहुंचा. यहां चिकित्सक ने बिना मरीज की जांच किए उसे कमरा नंबर 16 में संचालित एचआईवी सेंटर पर भेज दिया. सेंटर पर कर्मचारी ने भी रिपोर्ट देखे बिना मरीज को एड्स पीड़ित मानकर कागज तैयार कर दिए और उसे एड्स से बचाव की दवाएं दे दी. यही नहीं उससे कहा गया कि पत्नी और बच्चों की भी टेस्ट करा लें. इस पर पीड़ित पत्नी और बच्चों को लेकर टूंडला सीएचसी पर एचआईवी की जांच कराने पहुंच गया. सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई.
फोन आ रहे हैं
पीड़ित व्यक्ति के अनुसार उसने दवाएं तीन दिन तक खा लीं. अब उसके पास स्वास्थ्यकर्मी के फोन आ रहे हैं जिसमें कहा जा रहा है कि दवा गलती से पहुंच गई है. दवा वापस करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. सीएमएस डॉ. श्याम मोहन गुप्ता का कहना है कि इस लापरवाही की जांच कराई जाएगी. कार्रवाई भी की जाएगी.