आगरालीक्स….. आगरा में अजब गजब मामला, हरीपर्वत चौराहे पर सड़क धंसने से छह फुट का गड्ढा हो गया है। जलनिगम, जलकल के बाद पीडब्ल्यूडी ने भी कह दिया कि यह गड्ढा उनका नहीं है।
आगरा में हरीपर्वत, एमजी रोड पर बुधवार दोपहर में सड़क धंसने से गड्ढा हो गया। सीवर लाइन और पानी की पाइप लाइन लीक होने की आशंका पर जल निगम और जलकल की टीम को बुलाया गया। दोनों की विभागों ने कह दिया कि यह गड्ढा सीवर लाइन और पानी की पाइप लाइन का नहीं है।

पीडब्ल्यूडी ने भी किया इन्कार
इसके बाद एमजी रोड का रखरखाव करने वाले लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी को अवगत कराया गया। पीडब्ल्यूडी ने भी गड्ढे की जिम्मेदारी लेने से इन्कार कर दिया।
गड्ढे की बैरिकेटिंग की गई
एमडी जैन कॉलेज की तरफ से हरीपर्वत चौराहे पर आने वाले रास्ते पर गड्ढा हुआ है। यहां वाहनों की संख्या अधिक रहती है और ट्रैफिक सिग्नल कम देर के लिए ग्रीन होता है इससे लोग फंसे रहते हैं, अब यह गड्ढा भी हो गया है, इसकी बैरिकेटिंग कर दी गई है।
किसका है गड्ढा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शहर की सीवर लाइन को देखने वाली वबाग कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज त्रिपाठी का मीडिया से कहना है कि जहां गड्ढा हुआ है वहां से कोई सीवर लाइन नहीं निकल रही है।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक आरएस यादव का कहना है कि अधिशासी अभियंता वीबी सिंह ने मौका मुआयना कराया गया था, पानी की लाइन लीक नहीं हुई है।
पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता आनंद कुमार का मीडिया से कहना है कि हरीपर्वत चौराहे पर हुए
गड्ढे से कोई मतलब नहीं है। गड्ढे से सीवर की बदबू आ रही है, नीचे से सीवर लाइन निकल रही है, नगर आयुक्त को पत्र लिखा गया है।