आगरालीक्स…(दुखद)आगरा के पति—पत्नी की मथुरा में मौत. बाइक से आ रहे थे घर. देर रात सड़क पर सांड़ से टकराकर हुआ हादसा..दो छोटे बच्चों के सिर से उठा मां—बाप का साया
आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में रहने वाले पति—पत्नी की बीती देर रात मथुरा में सड़क हादसे में मौत हो गई. इनकी बाइक सड़क पर घूम रहे सांड़ से जा टकराई. हादसे में दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. दो छोटे—छोटे बच्चों के सिर से मां—बाप का साया उठ गया.

घर के लिए आ रहे थे बाइक से
आगरा के थाना एत्मादपुर अंतर्गत गांव धरहरा में रहने वाला हरेंद्र सिंह तोमर हरियाणा के भिवानी में सनमाइका की फैक्टरी में काम करता था. शनिवार शाम को वह अपनी पत्नी संध्या के साथ बाइक से घर के लिए निकला था. देर रात को छाता हाइवे पर गिन्नी फैक्ट्री के पास इनकी बाइक सांड़ से टकरा गई. इस हादसे में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को केडी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. इनके पास मिले आईडी और मोबाइल के आधार पर पुलिस ने इनके परिजनों को सूचित किया. देर रात ही परिजन आगरा से मथुरा पहुंच गए. हरेंद्र के भाई आकाश की तहरीर पर रिपोर्ट लिखी गई है.
चार दिन पहले आए थे घर पर
परिजनों के अनुसार हरेंद्र चार दिन पहले ही पत्नी और दो बेटे 8 साल का कुशल और 5 साल का यशु के साथ गांव आए थे. यहां पर कथा थी. कथा होने के बाद अचानक फैक्ट्री के काम के लिए भिवानी लौट गए. हरेंद्र पत्नी को साथ ले गए. इनके दोनों बेटे दादी आशादेवी के पास रह गए. दोनों बच्चे भिवानी में ही पढ़ रहे हैं. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. दोनों छोटे—छोटे बच्चों के सिर से मां—बाप का साया उठ गया.