आगरालीक्स…आगरा में दर्दनाक हादसा. हाइवे पर बाइक सहित गिरा पुलिसकर्मी, पीछे से आ रहा वाहन रौंदते हुए सिपाही के ऊपर से गुजर गया. मौके पर ही मौत…
आगरा में हाइवे पर मंगलवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया. एत्मादपुर के बुढ़िया का ताल क्षेत्र में बाइक सवार एक पुलिसकर्मी अनियंत्रित होकर गिर गया, लेकिन तभी पीछे से आ रहा एक वाहन सिपाही को रौंदता हुआ उसके ऊपर से गुजर गया. हादसे में सिपाही की मौके पर ही मौत् हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेब से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी. सिपाही टूंडला का रहने वाला था और इस समय औरैया के फफूंद में उसकी पोस्टिंग थी. सिपाही की मौत से परिवार में कोहराम मच गया.

ये है पूरा मामला
टूंडला के इंद्रा नगर में रहने वाला पुलिसकर्मी 26 वर्षीय अभिषेक फौजदार औरैया में तैनात था. मंगलवार को वह किसी सरकारी काम से आगरा आया हुआ था. शाम को बाइक से वह लौट रहा था. एत्मादपुर के बुढ़िया के ताल पर वह अनियंत्रित होकर बाइक से गिर गया. इस पर पीछे से आ रहा अज्ञात वाहन सिपाही को रौंदते हुए उसके ऊपर से होकर गुजर गया. सिपाही की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के जेब में मिले मोबाइल से परिजनों को घटना की जानकारी दी. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. सिपाही मौत से परिवार में कोहराम मच गया. सिपाही अभिषेक तीन वर्ष पहले ही भर्ती हुआ था. परिवार में जितेंद्र फौजदार परचून की दुकान करते हैं. अभिषेक घर में सबसे बड़ा बेटा था. घर में छोटी बहन और भाई है जो पढ़ाई कर रहे हैं.