आगरालीक्स…20 मई को हुआ निकाह , 30 मई को पत्नी को पीटकर घर से निकाला. पति अब दे रहा तीन तलाक की धमकी…मुकदमा दर्ज
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में निकाह के 15 दिन विवाहिता को ससुराल से निकालने और तीन तलाक की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़िता की तहरीर पर थाना रामगढ़ में पुलिस ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है और अब आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

मामला थाना रामगढ़ की 60 फुटा रोड का है. यहां रहने वाली एक युवती का कहना है कि उसका निकाह 20 मई को लाइनपार थाना क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में रहने वाले रिजवान के साथ हुआ था. आरोप है कि निकाह के दो दिन बाद से ही ससुरालियों ने दहेज की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया और 30 मई को उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया. इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने एक जून को इस मामले में पति रिजवान, राजदा, इमरान, फैजान, अदनान, सोफिया और राशिद के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी. पीड़िता का आरोप है कि अब पति तीन तलाक की धमकी दे रहा है. पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया था. आरोपियों की तलाश है.