आगरालीक्स….आगरा में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष और महामंत्री हुए निर्वाचित. अब होनी है औपचारिक घोषणा…दो साल बाद रामबारात और जनकपुरी का होगा आयोजन
नगर की प्रमुख रामलीला कमेटी के अध्यक्ष और महामंत्री निर्विरोध निर्वाचित होंगे. विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल अब रामलीला कमेटी के नये अध्यक्ष होंगे. इसकी अब सिर्फ औपचारिक घोषणा मात्र ही रह गई है. ऐसे में अब आगरा में दो साल बाद रामलीला और जनकपुरी का आयोजन होने की अब पूरी संभावनाएं दिखाई दे रही हैं. कोरोनाकाल के कारण दो साल से आगरा में रामलीला और जनकपुरी का आयोजन नहीं हो रहा है.
16 जून को चुने जाएंगे अध्यक्ष और महामंत्री
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष और महामंत्री पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की आज अंतिम तारीख थी और आज अध्यक्ष पद पर केवल पुरुषोत्तम खंडेलवाल का और महामंत्री पद पर श्रीभगवान अग्रवाल का ही नामांकन दाखिल किया गया. चुनाव अधिकारी रामकिशन अग्रवाल के अनुसार, कल आठ जून को दोनों नामांकन पत्रों की जांच होगी और उसके बाद रामस्वरूप सिंघल कन्या इंटर कालेज परिसर में 16 जून को आम सभा के अधिवेशन में दोनों पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा कर दी जायेगी. रामलीला कमेटी में इन दो ही पदों का निर्वाचन होता है, शेष सभी पद मनोनयन से भरे जाते हैं.
मेयर नवीन जैन थे कार्यकारी अध्यक्ष
बता दें कि अभी तक दिवंगत पूर्व विधायक जगन प्रसाद गर्ग ही रामलीला कमेटी के अध्यक्ष चुने जाते रहे थे. लेकिन उनके निधन के बाद जगदीश प्रसाद बागला को अध्यक्ष बनाया गया. बागला के एक साल बाद पद त्यागने पर कार्यकारिणी की बैठक में मेयर नवीन जैन को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया. ऐसे में यह माना जा रहा था मेयर नवीन जैन की कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पूर्णकालिक अध्यक्ष बनने की उनकी राह आसान हो जाएगी, लेकिन यह अनुमान गलत निकला और इस साल चुनावी प्रक्रिया प्रारम्भ होने पर कुछ लोगों ने पुरुषोत्तम खंडेलवाल को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने के लिए तैयार कर लिया. तीन जून को नामांकन प्रक्रिया आरम्भ हुई लेकिन केवल पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने ही नामांकन पत्र मंगाया और नवीन जैन का पर्चा लिया ही नहीं गया. आज नामांकन पत्र दाखिल करने लिए पुरुषोत्तम खंडेलवाल स्वयं रामलीला कमेटी के कार्यालय पर पहुंचे. श्रीभगवान अग्रवाल का नामांकन भी आज जमा कर दिया गया.