आगरालीक्स…आगरा में आज फिर कोरोना के केस बढ़े हैं. सीएम योगी ने की कोरोना को लेकर समीक्षा बैठक. जानिए आगरा सहित यूपी में कितने मिले कोरोना पॉजिटिव
सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज कोविड-19 के संबंध में गठित उच्चस्तरीय टीम-9 के सदस्यों के साथ बैठक की. सीएम ने मंकीपॉक्स के लक्षण, उपचार आदि के बारे में केन्द्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों में मंकीपॉक्स संक्रमण के बढ़ते केस को देखते हुए प्रदेश में सावधानी बरती जाए. मंकीपॉक्स के लक्षण, उपचार आदि के बारे में आमजन को जागरूक किया जाए. संदिग्ध लक्षण वाले लोगों के रक्त आदि की समुचित जांच कराई जाए. अधिकारियों ने सीएम को बताया कि 15-17 आयु वर्ग के 98.21% किशोरों और 12 से 14 आयु वर्ग के 90.16% से अधिक बच्चों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है.

यूपी में मिले 170 नये कोरोना मरीज
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि 33 करोड़+ कोविड टीकाकरण के साथ ही 18+ आयु की पूरी आबादी को टीके की कम से कम एक डोज लग चुकी है, जबकि 93.44% से अधिक वयस्क लोगों को दोनों खुराक मिल चुकी है. विगत 24 घंटों में 96 हजार से अधिक टेस्ट किए गए और 170 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई. इसी अवधि में 159 लोग उपचारित होकर कोरोना मुक्त भी हुए. विभिन्न राज्यों में कोविड के नए केस में बढ़ोतरी देखी जा रही है. हालांकि, उत्तर प्रदेश में पॉजिटिविटी दर न्यूनतम है. वर्तमान में कुल एक्टिव केस की संख्या 914 है. 849 लोग होम आइसोलेशन में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं.
आगरा में मिले 4 कोरोना पॉजिटिव
इधर आगरा में बीते 24 घंटे में कोरोना के मरीज बढ़े हैं. प्रशासन ने इसका अपडेट जारी किया जिसके अनुसार #Agra में विगत दिवस 24 घन्टे में 1513 सेम्पल के सापेक्ष 4 नये #Covid19 केस पाये गये. वर्तमान में आगरा में कोरोना के 8 मरीज हैं.