आगरालीक्स…आगरा में इस साल गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. मार्च से लगातार एकसी पड़ रही गर्मी. पिछले एक सप्ताह से तापमान 45 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है. जानें आज का मौसम अपडेट
आगरा में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इस साल पड़ रही गर्मी से हर कोई परेशान हो गया है. हो भी क्यों न, मार्च यानी होली से पहले से ही गर्मी के सख्त तेवर बने हुए हैं. इस दौरान अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस के करीब तक पहुंच गया है. पिछले सात दिन से तो आगरा का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार या उसके करीब ही बना हुआ है. लोग गर्मी के कारण परेशान हैं और मानसून का इंतजार कर रहे हैं.

शनिवार को भी सुबह से सूरज के सख्त तेवर दिखाई दिए. धूप की किरणों में तपिश इतनी अधिक थी कि एक पल भी ठहरना मुश्किल हो रहा है. दोपहर को लू चल रही है. बाहर निकलना मतलब खुद को बीमार करना साबित हो रहा है. लेकिन लोग क्या करें…मजबूरी में या किसी जरूरी काम से दोपहर को भी बाहर निकल रहे हैं. रात को भी अब गर्मी बढ़ने लगी है. कूलर भी गर्मी दूर करने में नाकाफी साबित हो रहे हैं. रात को 12 बजे तक मौसम में गर्माहट महसूस की जा रही है.
शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है. वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और ये भी सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फिलहाल गर्मी से राहत की कोई भी संभावना नहीं है. आने वाले सप्ताह में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार भी पहुंच सकता है.