आगरालीक्स…आगरा में कई महीनों से रूठी पत्नी, पति के एक अंदाज पर मान गई. सारी नाराजगी दूर हो गई जब पति ने काउंसलर के सामने ही गाया पत्नी के लिए ये गाना….
पति—पत्नी के बीच सात फेरों से रिश्ता शुरू होता है और साथ—साथ रहने के लिए सात जन्मों तक का वादा किया जाता है, लेकिन हाल में देखा गया है कि मामूली बातों पर या छोटी—छोटी बातों पर ही पति—पत्नी के बीच झगड़े हो जाते हैं. नाराजगी इतनी बढ़ जाती है कि मामला पुलिस तक पहुंच जाता है. लेकिन सात जन्मों का साथ निभाने वाले इस रिश्ते को बनाए रखने के लिए पुलिस दोनों की काउंसलिंग कराती है. हर रविवार को परिवार परामर्श केंद्र पर दोनों को बुलाया जाता है जिससे कि दोनों के बीच गलतफहमियां दूर हो जाएं और दोनों साथ—साथ फिर से रहें.
आगरा में रविवार को परिवार परामर्श केंद्र पर कुछ ऐसा ही देखने को मिला जब पति के एक अंदाज पर कई महीनों से रूठी पत्नी मुस्कुराकर मान जाती है और सीधे पति के साथ घर चली जाती है. मामला कुछ ऐसा है कि मुरादाबाद के रहने वाले की शादी चार साल पहले बरेली की रहने वाली युवती के साथ हुई. बताया जाता है कई महीने से दोनों पति और पत्नी के बीच रार चल रही थी. इसके चलते पत्नी अपनी बहन और जीजा के यहां आगरा रह रही थी. पति ने भी जब लंबे समय तक उसे फोन नहीं किया तो गुस्से से भरी पत्नी ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कर दी.

पत्नी का मायका बरेली और ससुराल मुरादाबाद होने के बावजूद आगरा पुलिस ने दोनों के बीच काउंसलिंग कराने का फैसला किया और पति को नोटिस भेजकर उसे काउंसिलंग के लिए आज आगरा बुलाया गया. यहां आज दोनों पति पत्नी काउंसलर के सामने आए. पत्नी ने आरोप लगाए कि पति उसकी एक भी बात नहीं मानता. बात—बात पर डांटने लगता है. कुछ कहो तो मारपीट पर आमादा हो जाता है. वह चाहती थी कि पुलिस उसे बुलाकर समझाए कि वह उसकी बात भी सुना करे. वहीं पति ने काउंसलर को बताया कि वह दिल का मरीज है. ब्लड प्रेशर हाई हो जाता है जिसके कारण उसे जल्दी गुस्सा आ जाता है. भविष्य में वह पत्नी के साथ अच्छा बर्ताव करेगा.
इसके बावजूद जब पत्नी का गुस्सा खत्म नहीं हुआ और वह पति से बेहद नाराज हो रही थी तो पति ने पुलिस और काउंसलर के सामने ही पत्नी से फिल्मी अंदाज में गाना गाया — ‘जो तुमको हो पसंद वही बात करेंगे, तुम दिन को अगर रात कहो रात कहेंगे’. यह सुनते ही पत्नी के चेहरे पर मुस्कुराहट आ गई. उसे पति के मनाने का अंदाज इतना भाया कि उसका गुस्सा तुरंत दूर हो गया. पत्नी ने पुलिस से कहा कि उसके पति की तबियत ठीक नहीं लग रही है, वह यहां से सीधे उसके साथ घर जाएगी. इधर पति ने भी पुलिस से वादा किया कि वह अब पत्नी का हर तरह से ध्यान रखेगा. यही नहीं हर महीने अपने साथ उनके पास लेकर आएगा जिससे कि वह खुश है कि नहीं.