आगरालीक्स…आगरा में वीकेंड पर दिन में सन्नाटा, शाम को बाजारों में खरीदारी को चहलकदमी. रेस्टोरेंट्स और कैफै में भी शाम के बाद छा रही रौनक
आगरा में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. इसका प्रभाव बाजारों में भी देखा जा रहा है. सुबह से लेकर शाम को 5 बजे तक बाजारों मे सन्नाटा पसरा रहता है तो वहीं शाम के बाद बाजारों में खरीददारों की भीड़ देखी जा रही है. विशेषकर जूते-चप्पल, कपड़े, चूड़ी,रेडीमेड आदि की दुकानों पर महिलाओं एवं बच्चों की भीड़ देखी जा सकती है. खरीदारी के चलते दुकानदारों के चेहरे खिले खिले नजर आ रहे है.

रविवार को भी दिन में अधिकतर बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा लेकिन शाम होने के बाद खरीददारों की अच्छी खासी संख्या बाजारों में देखी गई. दुकानदारों का कहना है कि दिन के समय तो पूरा पूरा समय खाली ही गुजर जाता है. अधिकतर दुकानदारों की बोहनी तक शाम को हो रही है. हालांकि उनका कहना है कि शाम को बाजारों में खरीददार आते हैं, जिससे राहत मिलती हे.
कैफे—रेस्टोरेंट भी शाम को गुलजार
गर्मी का असर हर ओर है. कैफे—रेस्टोरेंट्स में भी दिन में सन्नाटा पसरा रहता है जबकि शाम होने के बाद यहां लोगों को एंज्वॉय करते हुए देखा जा सकता है. आज रविवार को शाम के बाद लोग अपनी फैमिली के साथ खाना खाते हुए देखे गए. इसके अलावा शहर के आईसक्रीम पार्लर और बाजारों में ठेल ढकेल वालों के साथ ही मॉल्स में भी शाम को खरीददार देखे गए.