आगरालीक्स…आगरा में सेंट जॉन्स कॉलेज की बिल्डिंग पर पाकिस्तान का झंडा लगा देख चौंके लोग. मामले में एसएसपी ने वीडियो जारी कर दी पूरी जानकारी
आगरा में सोमवार को सेंट जॉन्स चौराहे पर लोग उस समय चौंक गए जब उन्होंने सेंट जॉन्स कॉलेज की बिल्डिंग् पर पाकिस्तान का झंडा लगा हुआ देखा. कुछ लोगों ने इसे गलत तरीके से पेश करने का प्रयास शुरू किया और इसके फोटो वायरल कर दिए. बाद में एसएसपी सुधीर कुमार ने वीडियो जारी कर पूरी जानकारी दी और कहा कि यहां परमीशन लेकर वेब सीरीज की शूटिंग हो रही है.
वेबसीरीज की चल रही शूटिंग
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के अनुसार आगरा में एक वेब सीरीज की शूटिंग चल रही है, इसमें पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के समय भारत—पाकिस्तान की शिखर वार्ता के सीन फिल्माए जा रहे हैं. यह एक वेब सीरीज है और इसकी लिखित में परमीशन ली गई है. एसएसपी ने बताया कि सेंट जॉन्स में वेब सीरीज की शूटिंग का सेटअप लगा है. पुलिस प्रशासन की इजाजत दी गई है. यहां व आगरा के कई क्षेत्रों में इस वेब सीरीज की शूटिंग एक सप्ताह तक चलेगी.