आगरालीक्स …आगरा में सबसे बड़ा सिंगिंग काम्पटीशन, ब्रज की प्रतिभा को मिलेगा मौका।
सामुदायिक रेडियो केंद्र ब्रजवाणी संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय, बल्केशवर ब्रजवासियों(आगरा, अलीगढ़, मथुरा) के लिए ब्रज की खोज एकल गायन प्रतियोगिता शुरू करने जा रहा है।
चेयरमैन मनमोहन चावला ने कहा कि प्रतियोगिता चार वर्गों में होगी। पहले वर्ग में 7 से 14 वर्ष, दूसरे वर्ग में 15 से 25 वर्ष, तीसरे वर्ग में 25 से अधिक आयु वर्ग और चौथे वर्ग में सीनियर सिटीजन भी भाग ले सकते है। जिसका पहला ऑडिशन 10 जुलाई को ब्रजवाणी रेडियो केंद्र, बल्केश्वर पर होगा। प्रतियोगिता का ग्रांड फिनाले अक्टूबर में किया जायेगा।

30 जून से प्रारम्भ होंगे रजिस्ट्रेशन
कार्यक्रम संयोजक संजीव सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ब्रजवाणी रेडियो 89.6 बल्केश्वर, एसएसएस अकेडमी सदर बाजार, हार्ट बीट म्यूजिकल क्लासेज करकुज चौराहा और शिवम् स्टेशनरी संजय प्लेस पर 30 जून से रजिस्ट्रेशन प्रारम्भ हो रहे है। प्रतियोगिता के विजेता को रेडियो पर नियमित काम करने का अवसर देने के साथ उसका वीडियो म्यूजिक एलबम बनाया जाएगा।
मंगलवार को संत रामकृष्ण कन्या महाविद्यालय, बल्केशवर में सिंगिंग काम्पटीशन का पोस्टर विमोचन चेयरमैन मनमोहन चावला, एक्स-फैक्टर फेम करतार सिंह, रविकांत चावला, डॉ. केसी धाकड़ और विक्रम शुक्ला ने ब्रजवाणी रेडियो स्टेशन पर किया। एक्स फैक्टर फेम करतार सिंह ने कहा कि ब्रज कि खोज अब तक की सबसे बड़ी गायन प्रतियोगिता होगी जिसमें ब्रज की हर आयुवर्ग की प्रतिभाओं को तराशा जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को एक सप्ताह की कार्यशाला प्रख्यात गायको द्वारा दी जाएगी।