आगरालीक्स… आगरा समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश नहीं होने से खेत सूख रहे हैं। बारिश के लिए तप, विधायक को कीचड़ से नहलाया। महिला चला रहीं हल।
अच्छी बारिश की आस में की थी धान की रोपाई
प्रदेश में इस बार मानसून की पर्याप्त बारिश नहीं हुई है। इस बार मानसून अच्छा रहने की संभावना के चलते कई स्थानों पर किसानों ने धान की फसल की रोपाई कर दी है लेकिन बारिश नहीं होने से रोपी किए गए धान में नलकूपों से पानी भरा जा रहा है लेकिन वह पर्याप्त नहीं है।
धान के साथ खरीफ की फसल भी प्रभावित
खेरागढ़ के किसान प्रदीप चौधरी का कहना है कि बारिश होने से ही धान की फसल अच्छी होती है। खरीफ की फसल भी प्रभावित हो रही है।
बारिश के लिए कंडों की धूनी लगा तप की तैयारी
बारिश नहीं होने पर टोने-टोटके की भी तैयारी की जा रही है। इसके लिए लोग बारिश नहीं होने तक कंडों की धूनी जलाकर उसके बीच में बैठकर तप करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए आगरा, फिरोजाबाद अलीगढ़ के आसपास के गांवों में तैयारी की जा रही है। पिसावा के रहने वाले रवि शर्मा ने बताया कि रूपनगर गांव में हरीश शर्मा तप पर बैठे हैं। वह बारिश नहीं होने तक तप पर बैठे रहेंगे। आसपास बैठे लोग शामियाना लगाकर भजन कीर्तन कर रहे हैं।
महिलाओं ने हल चलाया, विधायक, चेयरमैन को कीचड़ नहलाया
इस बीच इटावा में महिलाओं ने हल चलाकर इंद्रदेव को मनाने के लिए गीत गाए है। वहीं महाराजगंज में सदर विधायक जय मंगल कनौजिया और नगर पालिका अध्यक्ष को पिपदेउरा की महिलाओं ने कीचड़ नहला दिया। इलाके के लोगों का कहना है कि इस टोटके से बारिश होती है।