नईदिल्लीलीक्स… श्रीलंका में सड़कों पर टैंक, कोलंबो में कर्फ्यू, महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल सस्ता। बारिश का कहर जारी। साथ में प्रमुख खबरें।
राष्ट्रपति गोटबाया मालदीव छोड़ अब सिंगापुर भागे
श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे मालदीव छोड़कर सिंगापुर भाग गए हैं। राष्ट्रपति को मालदीव से लाने के लिए श्रीलंका से प्राइवेट विमान भी भेजा था लेकिन उससे पहले ही वह सिंगापुर को भाग गए। संभावना जताई जा रही है कि वह वहां से इस्तीफे की घोषणा करेंगे।
सेना ने प्रदर्शनकारियों से की शांति की अपील
श्रीलंका के हालात लगातार बदतर होते जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए टैंकों को तैनात कर दिया गया है। संसद भवन की सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है। सेना ने लोगों से शांति की अपील की है।
महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल पर वैट घटाया
महाराष्ट्र में पेट्रोल पांच रुपये और डीजल तीन रुपये लीटर सस्ता हो गया है। शिंदे सरकार ने ऐसा आम लोगों को महंगाई की मार से बचाने के लिए वैट में कमी करके लिया है। कैबिनेट की बैठक में यह फैसला लिया गया। महाराष्ट्र में अभी पेट्रोल 111.35 रुपये लीटर और डीजल 97.28 रुपये लीटर है।
बारिश से अब तक 218 लोगों की मौत
महाराष्ट्र समेत 25 राज्यों में बारिश से बाढ़ का कहर जारी है। अब तक 218 लोगों की मौत हुई है। गुजरात में ही 24 घंटे में 14 लोगों की मौत हुई है। ठाणे और नवी मुंबई में आज स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बारिश से प्रभावित राज्यों में महाराष्ट्र के अलावा, गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल शामिल हैं। बारिश से भारी नुकसान की भी खबर है।