आगरालीक्स…आगरा में एक बच्चे की नई ब्रांडेड साइकिल चोरी हो गई थी. मां ने रखा था 2100 रुपये का इनाम भी. 18 दिन बाद पुलिस ने साइकिल को खोज निकाला
आगरा के थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम में रहने वाले एक बच्चे की ब्रांडेड और नई साइकिल 27 जून को चोरी हो गई थी. बच्चे की मां ने साइकिल ढूंढने वाले या जानकारी देने वाले को 21 रुपये देने का इनाम भी रखा था और इसकी सूचना पुलिस में भी दी. 18 दिन बाद आज पुलिस ने चोरी की गई साइकिल को ढूंढ निकाला और उसे बच्चे को सौंप दिया. अपनी साइकिल पाते ही बच्चे के चेहरे पर खुशी छा गई. परिजनों ने भी पुलिस का आभार जताया है.

ये है पूरा मामला
मामला शास्त्रीपुरम का है. यहां रहने वाली नीलम ने 19 जून को अपने बेटे अंशुमन को एक ब्रांडेड साइकिल खरीदकर दी थी. इस साइकिल की कीमत 15 हजार रुपये थी, लेकिन खरीदने के 8 दिन बाद ही 27 जून को दोपहर दो बजे घर के अंदर से यह साइकिल चोरी हो गई थी. जब परिजनों ने साइकिल को गायब देखा तो उन्होंने आसपास तलाश भी किया लेकिन साइकिल का पता नहीं चला. इस पर उन्होंने घर के बाहर लगे एक सीसीटीवी के फुटेज देखे तो उसमें चोर नजर आया. चोर घर के अंदर घुसा और साइकिलों के बीच से इस नइ्र साइकिल को निकाला और उसका ताला तोड़कर चोरी करके ले गया.
नीलम ने यूपी 112 पर कॉल कर साइकिल चोरी की जानकारीपुलिस को दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखें और फिर मामले की खोजबीन शुरू कर दी. परिजनेां के अनुसार कोरोना काल में अंशुमन के पिता की मौत हो गई थी. नीलम ट्यूशन पढ़ाकर घर का खर्च चलाती हैं. किसी तरह पैसे बचाकर वह साइकिल खरीदकर लाई थीं इससे बेटा भी खुश था लेकिन साइकिल चोरी होने के बाद बेटा उदास हो गया. गुरुवार को पुलिस ने नीलम कोसाइकिल मिलने की जानकारी दी और थाने बुलाकर साइकिल को 14 वर्षीय अंशुमन के सुपुर्द कर दिया. अपनी साइकिल पाकर बच्चे की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा. परिजनों ने पुलिस का आभार जताया और पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया.