आगरालीक्स…आगरा में बल्केश्वर मेले की तैयारियों को देखने पहुंचे अधिकारी. यमुना घाट पर बेरिकेडिंग, गोताखोर, स्टीमर की व्यवस्थाएं देखीं. ऐतिहासिक शिव परिक्रमा भी इसी दिन लगेगी.
आगरा में सावन माह में लगते हैं मेले
आगरा में सावन माह का विशेष महत्व है. आगरा के चारों कोनों पर महादेव विराजमान हैं. राजपुर चुंगी में राजेश्वर महादेव हैं तो वहीं बल्केश्वर में बिल्वकेश्वर महादेव. सिकंदरा में कैलाश महादेव है तो वहीं शाहगंज में पृथ्वीनाथ महादेव. शहर के बीचों बीच श्रीमनकामेश्वर महादेव और रावली महादेव हैं. सावन के महीने में शिव के इन सभी मंदिरों में भक्तों की काफी भीड़ लगी रहती है. सावन माह के हर सोमवार को हर मंदिर पर विशेष मेला भी लगता है. पहले सोमवार को राजेश्वर महादेव तो दूसरे सोमवार को बल्केश्वर महादेव पर मेला गता है. तीसरे सोमवार को कैलाश का तो चौथे सोमवार को पृथ्वीनाथ महादेव का मेला लगता है. दूसरे सोमवार को आगरा के इन सभी ऐतिहासिक शिव मंदिरों की विशेष परिक्रमा भी लगाई जाती है. रविवार से परिक्रमार्थी इन सभी मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए निकल जाते हैं और सोमवार को सभी मंदिरों में दर्शन करने के बाद अपनी परिक्रमा को विराम देते हैं.

अधिकारियों ने बल्केश्वर में देखी तैयारियां
आगरा में शिव मंदिरों पर लगने वाले इन मेलों की व्यवस्थाओं व तैयारियों का जायजा अब अधिकारी भी ले रहे हैं. दो दिन पहले कैलाश मंदिर पर अधिकारियों ने व्यवस्थाएं देखीं तो बल्केश्वर मेले की तैयारियों को लेकर आज बल्केश्वर मेला समिति के साथ सिटी मजिस्ट्रेट प्रतिपाल सिंह चौहान अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव बल्केश्वर क्षेत्र का दौरा किया. सबसे पहले बल्केश्वर महादेव मंदिर पर पहुंच कर पार्वती घाट पर गए. बल्केश्वर मेला समिती की अध्यक्ष ममता शर्मा ने बताया परिक्रमार्थी शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए यमुना से लाते है यमुना पर बैरिकेडिंग गोताखोर स्ट्रीमर टॉयेलेट आदि की व्यवस्था करने की बात कही मेले की व्यवस्था के लिये सिटी मजिस्ट्रेट ने मेला कमेटी द्वारा वॉलिंटियर लगाने के लिये कहा.
भंडारा लगाने वालों को रखना होगा डस्टबिन
समीति के कोषाध्यक्ष वीके अग्रवाल ने बताया अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव से सड़कों पर गड्ढे को भरना, नालियों को साफ कराना, खराब लाइटें सही करना, ढीले तारों को कसना आदि की बात कही. सुरक्षा की दृष्टि को देखते हुये अपर नगर आयुक्त ने बताया सभी जगह पर खम्बों की छ: फुट प्लास्टिक कोटेड करायी जा रही है.
मीडिया प्रभारी ऋषि अग्रवाल ने बताया मेले में भंडारा लगाने वालों को कमेटी को अवगत कराना होगा. साथ ही सफाई व्यवस्था को देखते हुये डस्टबिन रखना भी जरूरी होगा, अन्यथा नगर निगम द्वारा चालान अभियान चलाया जायेगा. मौके पर पूर्व पार्षद मधुबाला अग्रवाल, कृष्ण कुमार’गुड्डु, सोनू मित्तल, अरविन्द शर्मा, अर्पित जैन, प्रिया मंडल आदि मौजूद रहे.