आगरालीक्स…(Video) आगरा में दिनदहाड़े 40 लाख लूट कर भाग रहे थे बदमाश, लेकिन तभी हो गई बारिश..और खुल गई पोल. पांच अरेस्ट. लूट के खुलासे का दिलचस्प मामला…
आगरा के रावतपाड़ा में कूरियर कंपनी में 40 लाख रुपये की दिनदहाड़े डकैती की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. दिनदहाड़े हुई वारदात को खंदौली और फतेहपुर सीकरी के सात बदमाशों ने अंजाम दिया था. घटना के बाद फरार बदमाश अभी पुलिस की पकड़ में नहीं आए हैं लेकिन पुलिस ने बदमाशों के पांच परिजनों को अरेस्ट कर इस वारदात का पर्दाफाश किया है. पकड़े गए लोगों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से चार लाख रुपये और तमंचा भी बरामद किया है. बदमाशों की तलाश में पुलिस दूसरे राज्यों में दबिश दे रही है.
आगरा के रावतपाड़ा स्थित तिवारी गली में संचालित एमएन कूरियर कंपनी के आफिस में शुक्रवार 23 जुलाई को हथियारबंद चार बदमाशों ने धावा बोला था. बदमाशों ने कूरियर कंपनी के कर्मचारियों को बंधक बनाकर और उनके ऊपर तमंचा तानकर 40 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इस मामले में कूरियर कंपनी के मैनेजर आनंद भाई ने थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था. पुलिस को सीसीटीवी भी मिला था जिसमें बदमाश वारदात को अंजाम देते हुए दिखे थे. मंगलवार को एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि वारदात को सात बदमाशों ने अंजाम दिया था. यह बदमाश खंदौली और फतेहपुर सीकरी के हैं.
इन बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
पवन निवासी खंदौली
सागर परमार निवासी खंदौली
दीपक शर्मा निवासी खंदौली
देवा निवासी खंदौली
हरिओम परमार निवासी फतेहपुर सीकरी
रानू सिसौदिया निवासी फतेहपुर सीकरी
संदीप राठौर निवासी फतेहपुर सीकरी
स्कॉर्पियों और बाइक से पहुंचे थे बदमाश
एसएसपी ने बताया कि बदमाश वारदात को अंजाम देने के लिए स्कॉर्पियो और बाइक से पहुंचे थे. चार बदमाश कूरियर कंपनी के आफिस में हथियार लेकर घुस गए जबकि तीन बदमाश बाहर खड़े रहे. घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश अपने—अपने घर चले गए. यहां उन्होंने कर्ज चुकाने के लिए परिजनेां को रुपये दिए और वहां से भाग गए. पुलिस ने खंदौली के रामनगर में रहने वाले बदमाश पवन कश्यप की मां अनीता, बहन प्रियंका और भाई राजू को अरेस्ट किया है. उनसे पूछताछ के बाद ुपलिस ने खंदौली के कृष्णा कॉलोनी निवासी बदमाश सागर परमार का भाई बसंत परमार और यहीं की लवानिया कॉलोनी का रहने वाला बदमाश दीपक शर्मा के पिता नेत्रपाल शर्मा को अरेस्ट किया है. पुलिस ने इनके पास से चार लाख रुपये, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं.
बारिश ने बदमाशों के अरमानों पर फेरा पानी
इस घटना के खुलासे में पुलिस की मदद बारिश ने की है. दरअसल 40 लाख की लूट को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक और स्कॉर्पियों से जा रहे थे. बाइक का नंबर किसी की नजर में न आए, इसके लिए उन्होंने उस पर सफेद कागज चिपका दिया था, लेकिन तभी बारिश हो गई और कागज बारिश में धुल गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से बाइक का नंबर पता किया और घटना का खुलासे तक पहुंची.
पकड़े गए बदमाशों के परिजनों ने पुलिस को बदमाश कि कर्ज चुकाने के लिए डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया है. फतेहपुर सीकरी निवासी संदीप राठौर हिस्ट्रीशीटर है और वह पूर्व में जेल जा चुका है. घटना के बाद सभी बदमाश फरार हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पांच टीम दबिश दे रही हैं. पुलिस ने बताया कि खंदौली में रहने वाला बदमाश देवा का पिता होमगार्ड है और वह घटना से पहले ही फरार हो गया था.