आगरालीक्स…आगरा में दिनदहाड़े 1.10 लाख रूपये की लूट. बुलेट पर आए बदमाशों ने तमंचा लगाकर फाइनेंस कर्मी के साथ की वारदात…सीसीटीवी में बदमाशों की तलाश
आगरा के थाना एत्मादपुर क्षेत्र में गुरूवार को बुलेट सवार बदमाशों ने फाइनेंस कर्मी को लूट लिया. बदमाशों ने फाइनेंस कर्मी के ऊपर तमंचा लगाकर उसके पास मौजूद 1.10 लाख रूपये की लूट की वारदात को अंजाम दे दिया. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. कर्मचारी से पूछताछ की जा रही है और बाइक सवार बदमाशों की तलाश को पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है.
छलेसर के पास हुई वारदात
कमला नगर में शिखर स्टार फाइनेंस कंपनी है. कंपनी का एक कर्मचारी प्रमोद गुरूवार दोपहर को एत्मादपुर के रहनखुर्द गांव से कलेक्शन करके लौट रहा था. झरना नाला छलेसर के पास पीछे से बुलेट पर आए दो युवकों ने उसे रोक लिया. उन्होंने रोकते ही तमंचा प्रमोद पर लगा दिया और उसके पास मौजूद बैग छीन लिया. प्रमोद के अनुसार बैग में 1.10 लाख रूपये थे, जिन्हें लेकर बदमाश वहां से भाग गए.
कर्मचारी ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना पर सीओ एत्मादपुर व थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंच गए. कंपनी के एरिया मैनेजर जितेंद्र यादव ने बताया कि प्रमोद कलेक्शन लेकर सिटी ब्रांच आ रहा था. रास्ते में उसके साथ घटना हो गई. पुलिस अभी कर्मचारी से बदमाशों की जानकारी ले रही है और पूछताछ कर रही हे. इधर पुलिस ने तुरंत हाइवे पर बुलेट सवारों की तलाश शुरू कर दी और सीसीटीवी फुटेज भी देखे जा रहे हैं.