आगरालीक्स…आगरा में 27 लाख की लूट का हैरान करने वाला खुलासा. कारगिल शहीद के घर में लूट उसकी ही पुत्रवधु ने करवाई थी…अपने ही बेटे के गर्दन पर रखवाया था चाकू
आगरा में 25 जुलाई को ताजनगरी स्थित कारगिल शहीद के घर में हुई 27 लाख की लूट का पुलिस ने हैरान करने वाला खुलासा किया है. पुलिस ने घटना में शामिल कारगिल शहीद की पुत्रवधु को अरेस्ट किया और उसे जेल भेजा है. पुत्रवधु लूट की साजिश में शामिल थी और उसने योजना बनाकर अपने ममेरे भाई को वारदात करने के लिए बुलाया था. पूर्व में दो आरोपी पकड़े जा चुके हैं और अब सबूत मिलने पर पुत्रवधु शकुंतला को अरेस्ट किया गया है.
ये है मामला
आगरा के ताजनगरी फेस वन में कारगिल शहीद श्याम वीर सिंह का घर है. 25 लुलाई को शहीद की पत्नी गीता देवी बेटे विजय के साथ गांव गई थी. घर में पुत्रवधु शकुंतला और नाती मौजूद था. शकुंतला ने परिजनों को फोन करके घ्ज्ञर में दो बदमाशों के घुसने की जानकारी दी और बेटे की गर्दन पर चाकू रखकर 40 तोले सोना, ढाई किलो चांदी के जेवरात और नकदी लूट कर ले जाने की बात कही थी. 27 लाख की लूट की घटना से पुलिस ने टीम बनाकर जांच शुरू कर दी थी. इस घटना में पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से सत्येंद्र उर्फ सोनू निवासी फरीदाबाद और विपिन निवासी बदरपुर दिल्ली को अरेस्ट किया था.

पुलिस ने शुक्रवार को इस मामले का हैरान करने वाला खुलासा किया और इस लूट की साजिश में कारगिल शहीद की पुत्रवधु शकुंतला का शामिल होना पाया. पुलिस के अनुसार श्यामवीर सिंह की पुत्रवधु शकुंतला देवी को जेल भेजा गया है. उन्होंने ही वारदात की साजिश रची थी. पकड़ा गया आरोपी सत्येंद्र शकुंतला का ममेरा भाई है. शकुंतला चाहती थी कि सास के पास रखे जेवरात उसे मिल जाएं लेकिन जेवरात नहीं मिलने पर उसने ममेरे भाई से बात की और इस वारदात की साजिश को रचा. पुलिस पहले ही दिन से शकुंतला देवी की संलिप्तता के बारे में जानकारी कर रही थी, मगर अब साक्ष्य जुटाने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है