आगरालीक्स….देश में आज की मुख्य खबरें, एक क्लिक में पढ़ें. बिहार में कल से नई सरकार. श्रीकांत त्यागी अरेस्ट, जानिए कितनी है पीएम मोदी के पास संपत्ति. कोरोना के मामले फिर बढ़े
बिहार में भाजपा और जदयू का गठबंधन टूट गया है। सीएम नीतीश राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफा देने के बाद नीतीश राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे। फिर वह तेजस्वी यादव के साथ राज्यपाल से मिलने पहुंचे और सरकार बनाने का दावा किया। बुधवार दोपहर दो बजे सीएम और डिप्टी सीएम का शपथग्रहण समारोह होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास 2.23 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति है। अधिकतर संपत्ति बैंक डिपॉजिट के तौर पर है। प्रधानमंत्री के पास अब कोई भी अचल संपत्ति नहीं है, क्योंकि वे गुजरात के गांधीनगर में अपनी जमीन दान कर चुके है। इस जमीन की कीमत 1.1 करोड़ रुपए थी। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट पर प्रधानमंत्री की संपत्ति के डिक्लेरेशन के बाद सामने आई है।
मैसेजिंग प्लेटफॉर्म Whatsapp तीन नए प्राइवेसी फीचर्स ला रहा हैं। इन फीचर्स के आने के बाद यूजर साइलेंटली ग्रुप लेफ्ट कर सकेंगे, वो यह भी चुन सकेंगे कि उन्हें कौन ऑनलाइन देख सकता है और कौन नहीं, व्यू वन्स मैसेजेस के स्क्रीनशॉट भी ब्लॉक होंगे। मेटा के फाउंडर और CEO मार्क जुकरबर्ग ने कहा, ‘हम आपके मैसेजेस को प्रोटेक्ट करने के लिए नए-नए तरीके बनाते रहेंगे और उन्हें फेस-टू-फेस कन्वर्सेशन की तरह प्राइवेट और सिक्योर रखेंगे।’

पुलिस ने गालीबाज श्रीकांत त्यागी को मेरठ से गिरफ्तार किया है। श्रीकांत त्यागी कोर्ट में सरेंडर करने के प्रयास में था। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद त्यागी को सूरजपुर स्थित जिला न्यायालय लाया गया। एसीपी पीपी सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में लुकसर स्थित जिला कारागार में भेज दिया गया।
पूरे देश में इस वक्त कोरोना के सबसे ज्यादा सक्रिय मामले महाराष्ट्र में है। दूसरे नंबर पर सक्रिय मामलों की संख्या पंजाब में है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश की राजधानी में बढ़ते हुए मामलों के साथ साथ सक्रिय मामलों की देखरेख के लिए एक्सपर्ट कमेटी को पूरी रिपोर्ट तैयार कर मंत्रालय को सौंपने के लिए कहा है।
राष्ट्रपति जो बाइडन ने मंगलवार को अमेरिकी सेमीकंडक्टर उत्पादन और अनुसंधान के लिए सब्सिडी में 52.7 बिलियन डॉलर प्रदान करने और अमेरिका को चीन के मुकाबले अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक बिल पर हस्ताक्षर किए। बाइडन ने कहा, भविष्य अमेरिका में बनने जा रहा है। अमेरिका में यह सदियों में एक बार किए जाने वाला निवेश है।
23 बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विलियम्स टेनिस से जल्द ही संन्यास लेंगी। इस दिग्गज खिलाड़ी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। विलियम्स ने बताया कि वह साल के अंतिम ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट यूएस ओपन के बाद टेनिस को अलविदा कहने के बारे में सोच रही हैं। सेरेना पहली बार 1999 में यूएस ओपन टूर्नामेंट जीती थीं।
यूपी एटीएस की टीम ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विस्फोट की योजना को विफल करते हुए आईसआईएस से जुड़े आतंकी सबाउद्दीन आजमी को आजमगढ़ से धर दबोचा है। वह आईएसआईएस में भर्ती कराने वाले सदस्यों से सीधे संपर्क में था। एटीएस ने उसके पास से भारी मात्रा में 315 बोर के कारतूस समेत शोल्डिंग व पीवीसी वायरिंग समेत तमाम आपत्तिनजक सामग्री भी बरामद किया है।