आगरालीक्स… आगरा में रक्षाबंधन पर इस बार घेवर की बिक्री ने रिकॉर्ड तोड़े। परचून की दुकान से लेकर ढकेलों तक पर बिका। जानिये कितने करोड़ का हुआ कारोबार।
रक्षाबंधन की दो तिथियां होने से हुआ मुनाफा
रक्षाबंधन का त्योहार इस बार मिठाई कारोबारियों के लिए गोल्डन घेवर की तरह गोल्डन साबित हुआ। रक्षाबंधन दो दिन 11 और 12अगस्त को मनाया गया। त्योहार को लेकर भले ही भ्रम की स्थिति रही हो लेकिन मिष्ठान्न विक्रेताओं की पौ-बारह रही।

परचून से लेकर कचौड़ी-जलेबी की दुकान तक घेवर
घेवर बनाने का काम तो सावन शुरू हो गया था। इस बार नमकीन बेचने वाला हो, कचौड़ी-जलेबी तो छोड़ो इस बार परचून की दुकान पर भी घेवर की बिक्री हुई, जिससे अन्य मिठाइयों की तुलना में घेवर की जमकर बिक्री हुई। हालात यह हो गए कि शुक्रवार की शाम तक हलवाइयों की दुकान से घेवर खत्म हो गया था।
कुछ मीठा हो जाए- चॉकलेट को नहीं मिला भाव
त्योहारों पर कुछ मीठा हो जाए के स्लोगन के जरिये चॉकलेट और बड़ी कंपनियों की मिठाइयों पर अपना देसी घेवर भारी रहा। चॉकलेट और अन्य मिठाइयों की बिक्री पिछली बार की अपेक्षा काफी कम रही। रक्षाबंधन पर बात घेवर के कारोबार की करें तो पूरे जिले में परचून से लेकर बड़ी दुकान तक घेवर बिका है। आगरा के एक बड़े कारोबारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि त्योहारों पर मिठाई विक्रेताओं की बिक्री पर कई विभागों की नजर रहती है। इसलिए ठीक से बिक्री तो बताना मुश्किल है लेकिन काफी अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।