आगरालीक्स….आगरा में खतरे के निशान के करीब चंबल. यमुना भी उफान पर लेकिन आज घटा जलस्तर. अलर्ट जारी. वीडियो और फोटोज में देखें चंबल और यमुना नदी…
आगरा में एक तरफ यमुना तो दूसरी तरफ चंबल नदी उफान पर चल रही है. चंबल नदी धीरे-धीरे खतरे के निशान के और करीब पहुंचती जा रही है जिसके कारण अलर्ट जारी कर दिया गया है. प्रशासन द्वारा यहां 8 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं. नदी के किनारे वाले गांवों में मुनादी कराई जा रही है. वहीं यमुना नदी भी उफान पर है लेकिन आज नदी का जलस्तर थोड़ा सा कम हुआ है जिसके कारण खतर वाली कोई बात नहीं है.
चंबल को लेकर अलर्ट जारी
चंबल में लगातार जलस्तर बढ़ रहा है. गुरूवार को सुबह 127.10 मीटर चंबल का जलस्तर था जो कि आज रात तक 128.5 मीटर तक पहुंचने की संभावना है. चंबल का खतरे का निशान 130 मीटर है. लगातार बढ़ते जलस्तर को देखकर प्रशासन भी हाई अलर्ट पर आ गया है और तटवर्ती गांवों में मुनादी कराई जा रही है. 8 बाढ़ चौकिंया बनाई गई हैं. निगरानी के लिए लेखपालों की ड्यूटी लगा दी है. पिनाहट उसेथ घट पर स्टीमर का संचालन बंद करा दिया गया है.
इन गांवों में बाढ़ का खतरा
चंबल के बढ़ते जलस्तर के कारण गांव रेहा, कछियारा, डगौंरा, बरैण्डा, क्योरी, उमरेठापुरा, जैवरा, गुर्जा शिवलाल, डाल का पुरा, गुढ़ा, रानीपुरा, भटपुरा आदि गांवों में अलर्ट जारी किया गया है.

यमुना में जलस्तर आज घटना
इधर यमुना नदी भी इस समय काफी बह रही है. ताजमहल के आसपास तो यमुना लबालब दिखाई दे रही है. नगला पैमा समेत दर्जनों तटवर्ती गांवों के लोग यमुना के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं. हालांकि यमुना का जलस्तर अब घट रहा है और वर्तमान में यह 489.8 फीट दर्ज किया गया है. हालांकि गोकुल बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद एक बार फिर से इसका जलस्तर बढ़ सकता है. आगरा में यमुना में खतरे का निशान 495 फीट है.