आगरालीक्स…आगरा के पीएसी जवान की मौत. तीन दिन पहले हाथरस में ड्यूटी के दौरान छत से गिरकर हुए थे घायल. छह माह की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
आगरा के पीएसी जवान की शुक्रवार को रेलवे हॉस्पिटल में उपचार के दौरान मौत हो गई. तीन दिन पहले वह हाथरस में ड्यूटी के दौरान छत से गिरकर घायल हो गए थे. जवान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. दो साल पहले ही इनकी शादी हुई थी जबकि इनकी एक छह माह की बेटी है.

ये है मामला
आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की कीठम निवासी सतेंद्र कटारा 2019 में पीएसी में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे. उनके भाई जितेंद्र के अनुसार सत्येंद्र की इस समय अलीगढ़ में 38 बटालियन में तैनाती थी. कुछ समय पहले उनकी ड्यूटी हाथसरस के नगला बलना में लगी थी. बताया जाता है कि सत्येंद्र कटारा अपने 12 साथियों के साथ एक घर में ठहरे हुए थे. 16 अगस्त की रात करीब 12 बजे परिजनों को सूचना मिली कि सत्येंद्र छत से गिरने से घायल हो गए हैं. पहले उन्हें हाथरस के अस्प्ताल ले जाया गया जहां से आगरा रेफर कर दिया गया. सत्येंद्र के सिर में गंभीर चोट थी. देर रात उनहें सिकंदरा स्थित रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया. शुक्रवार तड़के उनकी मौत हो गई.
परिजनों ने प्रशासन से सत्येंद्र की मौत का कारण जानने के लिए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. सत्येंद्र की शादी दो साल पहले पिंकी से हुई थी और उनके छह माह की बेटी मान्या है.