आगरालीक्स… मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के दर्शन किये। साथ ही उन्होंने वृंदावन में अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण भी किया।
सीएम योगी ने अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि आज जो कुछ भी हम करते हैं, वो भगवान श्रीकृष्ण जी सब जानते हैं। ‘परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दुष्कृताम। उसके पीछे भगवान की ही वाणी है, भगवान का ही मंत्र है, उन्हीं का संदेश है, उन्हीं का उपदेश भी है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का आगमन इसी धरा पर आज से करीब पांच हजार वर्ष पहले हुआ था। यह ब्रज क्षेत्र की धरती है। यह वृंदावन है जहां लीलाएं घटित हुई थीं। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर से लेकर गुजरात व महाराष्ट्र तक भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं किसी न किसी स्वरूप में बसी हुई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी है। यह हमारा सौभाग्य है कि ब्रज की भूमि पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम के साथ-साथ मंगलम परिवार के अन्नपूर्णा भोजनालय के शुभारंभ कार्यक्रम के साथ जुडऩे का अवसर भी प्राप्त हुआ। मैं इसके लिए सभी का हृदय से अभिनंदन करता हूं।