आगरालीक्स ….आगरा में एक छात्र बैंक लॉकर में रखी ज्वैलरी निकाल कर गायब, परिजनों को छात्र के किसी के चंगुल में फंसने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी हुई है।
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की रंगोली कॉलोनी में बीएसएनएल से रिटायर देवदत्त शर्मा रहते हैं। उनके परिवार में तीन बेटी और दो बेटे हैं, छोटा बेटा जितेंद्र शर्मा यमुना पार के एक कॉलेज से बीए कर रहा था। उन्होंने बेटे जितेंद्र के नाम से यमुना पार की एक बैंक की ब्रांच में बैंक लॉकर लिया था, इसी में ज्वैलरी रख दी थी।

घर से कॉलेज के लिए गया छात्र वापस नहीं लौटा
परिजनों का कहना है कि जितेंद्र 22 अगस्त को सुबह घर से कॉलेज जाने के लिए निकला था, इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने छानबीन की, इसमें सामने आया है कि 22 अगस्त को जितेंद्र बैंक में गया था और लॉकर खोला था। परिजनों को आशंका है कि उनके बेटे को किसी ने अपने चंगुल में फंसा लिया है, उससे लॉकर से ज्वैलरी भी निकलवाने की आशंका है। सिकंदरा के इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही का कहना है कि छात्र की तलाश की जा रही है।