आगरालीक्स…आगरा में मनमाफिक किराया वसूलने के बाद स्कूल वैन का सफर असुरक्षित, सेंट क्लेयर्स स्कूल के बच्चों को ले जा रही वैन के ब्रेक हुए फेल, बिजली के खंभे से टकराई, जानें पूरा मामला और वीडियो।
आगरा के सदर क्षेत्र स्थित सेंट क्लेयर्स स्कूल की मंगलवार दोपहर में छुटटी हुई। स्कूल वैन 15 बच्चों को लेकर सेंट क्लेयर्स स्कूल से निकली। माल रोड पर पहुंचते ही स्कूल वैन के ब्रेक फेल हो गए। ड्राइवर ने सूझबूझ से काम किया, वैन की स्पीड कम कर दी लेकिन माल रोड पर ट्रैफिक अधिक रहता है।
बिजली के खंभे में जा घुसी वैन
माल रोड पर स्कूल वैन के ब्रेक फेल हो गए, ड्राइवर ने वैन को किनारे की तरफ किया और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से वैन को टकरा दिया जिससे वह रुक जाए। वैन की स्पीड कम थी इसलिए बच्चे हताहत नहीं हुए।

चीख पुकार मचने पर राहगीर और होमगार्ड ने बच्चों को बाहर निकाला
वैन के बिजली के खंभे से टकराने पर बच्चों के बीच चीख पुकार मच गई। माल रोड का ट्रैफिक रुक गया। राहगीर और स्थानीय लोग आ गए, डयूटी कर रहे एक होमगार्ड भी आ गए। उन्होंने एंबुलेंस में फंसे बच्चों को एक एक कर बाहर निकाला। वैन के ड्राइवर ने मालिक को सूचना दी, इसके बाद बच्चों के परिजन भी आ गए। कुछ बच्चों को दूसरी वैन से घर भेज दिया गया।
आरटीओ वैन और बस के खिलाफ कर चुका है कार्रवाई
आगरा में स्कूल वैन और बस के खिलाफ आरटीओ द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। बस और वैन में निर्धारित संख्या से अधिक बच्चे बिठाए जाते हैं। इससे हादसे का डर रहता है।
किराया मनमाफिक, गर्मी की छुटटी का भी किराया
स्कूल बस और वैन द्वारा मनमाफिक किराया वसूला जा रहा है, 1500 से 2500 रुपये तक प्रति बच्चा किराया है। गर्मियों की छुटटी का भी स्कूल बस और वैन चालक किराया वसूलते हैं। यही नहीं निर्धारित संख्या से अधिक बच्चों को वैन और बस में बिठाते हैं।