आगरालीक्स…आगरा में आपके कब से सेब नहीं खरीदा है, एक बार रेट ही पूछ लीजिए, धनिया और मिर्च से भी सस्ता, दिल खुश हो जाएगा और An Apple A day keep Doctors away कहते हुए खूब सेब खरीदकर घर ले जाएंगे।
आगरा में सेब का स्वाद चखना आम तौर पर आसान नही होता लेकिन इन दिनों सेब खूब बिक रहा है। आम हो या खास सभी सेब खरीद रहे हैं। वजह है इसकी कीमतों में आई भारी कमी। मंहगे फलों में शामिल सेब अब धनिया और मिर्च से भी सस्ता मिल रहा है।

सिकंदरा सब्जी मंडी में फल विक्रेता नवीन ने बताया कि सेब की आमद बढ़ने से इसकी कीमतों में कमी आई है। अब हर वर्ग का व्यक्ति आसानी से सेब खरीद रहा है, इसके लिए सोचना नही पड़ रहा। बल्केश्वर में फल विक्रेता हरी ने बताया कि कुछ समय पहले तक अच्छे सेब की कीमत 200 रुपये किलो तक थी। वहीं अब सेब 40, 60 और 80 रुपये किलो तक में बिक रहा है। इसकी कई बैराइटी मौजूद हैं। अच्छी क्वालिटी का सेब सीजन के चलते अब भी अच्छे दामों पर ही है लेकिन पहले के मुताबिक रेट कम हुए हैं। बल्केश्वर में ही एक अन्य फल विक्रेता ने कहा कि सेब की बिक्री खूब हो रही है। वजह है कीमत में कमी। इन दिनों सीजन में भारत का ही सेब है तो कीमत कम है जब बाहर से आता है तो मंहगा बिकता है। हर कोई खरीदता भी नही। देखा जाए तो इस समय यह धनिया और मिर्च से भी लगभग आधे दामों में है। धनिया जहां 150 रुपये किलो तक है तो वहीं मिर्च 60 रुपये किलो तक मंडी में उपलब्ध है।
शहर भर में अगर आप फल बाजारों में नजर दौड़ाएंगे तो सामान्य दिनों की अपेक्षा सेब अधिक दिखेगा। लोग खूब खरीदते दिखेंगे। पिछले साल की तुलना में भी कीमत काफी कम है। पहले लोग सेब के भाव सुनकर ही लौट जाते थे लेकिन अब खुशी खुशी खरीद रहे हैं।