आगरालीक्स …..आगरा के आंबेडकर विवि की 431 बीएड कॉलेजों की परीक्षाएं 23 सितंबर से हैं लेकिन अभी तक प्रवेश पत्र तैयार नहीं हुए हैं। इससे पहले भी बीएड की परीक्षाएं अव्यवस्थाओं के कारण स्थगित कर दी गईं थी।

बीएड प्रथम और द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं होनी हैं। विवि द्वारा 431 बीएड कॉलेजों के 50 हजार छात्रों की परीक्षा कराई जानी है, इसमें से परीक्षा देने के लिए 43 हजार छात्रों ने पंजीकरण कराया है। इन छात्रों की परीक्षा 23 से शुरू हो जाएंगी लेकिन अभी तक विवि प्रशासन छात्रों के प्रवेश पत्र जारी नहीं कर सका है। इससे छात्र परेशान हैं।
15 हजार छात्रों का जमा नहीं हुआ परीक्षा शुल्क
वहीं, कॉलेजों ने 15 हजार छात्रों का परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया है। इन छात्रों की परीक्षाओं पर रोक लग सकती है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश का कहना है कि जिन छात्रों का परीक्षा शुल्क जमा हो चुका है उनके प्रवेश पत्र तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 22 सितंबर तक प्रवेश पत्र कॉलेजों के लॉग इन आईडी में अपलोड कर दिए जाएंगे।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने कालेजों को 22 सितंबर तक अंक सत्यापित करने का अंतिम अवसर दिया है। इसके बाद भी अगर अंक सत्यापित नहीं किए गए तो कालेजों के प्रवेश पर रोक लगा दी जाएगी।