आगरालीक्स…आगरा में चर्च रोड पर महिला से लाखों का कैश और जेवरात से भरा बैग लूटा. पुलिस ने तीन बदमाश दबोचे. यहां के रहने वाले हैं तीनों
आगरा में 8 अक्टूबर को चर्च रोड पर महिला के साथ हुई लाखों का कैश और जेवरात से भरे बैग के लूटने की वारदात का आज पुलिस ने खुलासा कर दिया. पुलिस ने लूटपाट में शामिल तीन बदमाशों को अरेस्ट किया है और इनके पास से नकदी और जेवरात भी बरामद किए हैं. जिस समय वारदात हुई उस समय महिला अपनी ननद के साथ एक साड़ी के शोरूम से खरीददारी कर लौट रही थी.
ये है पूरा मामला
एसपी सिटी विकास कुमार के अनुसार 8 अक्टूबर को चर्च रोड पर महिला लक्ष्मी गिरि का बैग स्कूटी सवार बदमाशों ने लूटा था. महिला अपनी ननद कामिनी गिरी के साथ एक साड़ी शोरूम से खरीदारी कर आ रहीथीं. कार में बैठने के दौरान ही स्कूटी सवार बदमाशों ने उनके हाथ से बैग लूट लिया था. बैग में 2.40 लाख रुपये, तीन लाख रुपये से अधिक के जेवरात, आईफोन, एटीएम व आधार कार्ड आदि था.
पुलिस इस मामले का पर्दाफाश करने के लिए जुटी हुई थी. इसके लिए टीम बनाई गई थी. शुक्रवार देर रात को पुलिस ने आईएसबीटी के पास से तीन युवकों को दबोच लिया.ये तीनों ही इस घटना में शामिल थे.

पकड़े गए आरोपितों के नाम
अमित सिंह
आशीष निगम निवासी जीवनी मंडी
राहुल सिंघल निवासी ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज 2
पूछताछ में पकड़े गए तीनों युवकों ने बताया कि 8 अक्टूबर को वह तीनों साथ थे. अमित ने राहुल को खंदारी चौराहा पर उतार दिया, जिसके बाद चेहरे पर साफी बांधकर वह और आशीष चर्च रोड पर पहुंचे. यहां एक महिला को पर्स हाथ में लेकर आता देख उसने एक्टिवा कुछ दूरी पर खड़ी करके चालू रख दी. आशीष उतरकर कार के पास गया और पर्स लूट लिया जिसके बाद दोनों वहां से भाग निकले. उन्होंने राहुल को भी अपने साथ ले लिया.
पुलिस के अनुसार बदमाशें ने 40 हजार रुपये व कुछ जेवरात राहुल को दे दिए और सोने के कड़े को पिघला कर उसकी सिल्ली बनवा ली थी. तीनों आरोपी पहले भी जेल जा चुके हैं. आज शनिवार को तीनों को जेल भेज दिया गया.