आगरालीक्स …आगरा में बर्थडे पार्टी में शामिल होने आई महिला का एक्सीडेंट, मौत, एक्सीडेंट के दौरान बस में बैठे भाई बहन शीशा तोड़ते हुए सड़क पर गिरे, पीईटी की परीक्षा देकर लौट रहे थे भाई बहन।

एटा के जैंथरा निवासी आशा देवी की बेटी रीना सती नगर, एत्माउददौला में रहती है, उनके बेटे का जन्मदिन था। जन्मदिन में शामिल होने के लिए आशा देवी बस से एटा से आगरा आई, शाहदरा पर उतरने के बाद सड़क पार कर रहीं थी, इसी बीच फोर्ट डिपो की रोडवेज बस सामने से आ गई। शाहदरा फ्लाइओवर से नीचे उतरते ही सड़क पार कर रही आशा देवी को बचाने के लिए ड्राइवर ने ब्रेक लगाए, आशा देवी बस की चपेट में आ गईं, बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
भाई बहन बस का शीशा तोड़ते हुए बाहर गिरे
बस के डिवाइडर से टकराते ही ड्राइवर के बगल की सीट पर बैठे एटा के सिविल लाइंस निवासी विश्वास और उसकी बहन अंजना शीशा तोड़ते हुए बाहर गिर गई। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। आशा देवी की मौत हो गई। पीईटी की परीक्षा देकर लौट रहे विश्वास और उनकी बहन अंजना का एसएन मेडिकल कालेज में इलाज चल रहा है।
आगरा कानपुर हाईवे पर लगा जाम
रोडवेज बस में बैठी अन्य सवारियों को भी चोट आ गई। एक्सीडेंट से आगरा कानपुर हाईवे पर जाम लग गया। कई घंटे तक जाम में वाहन फंसे रहे।