आगरालीक्स …आगरा के कैंट रेलवे स्टेशन के पास एक होटल में आॅटोमैटिक हथियारों से लैस जवान धडधडाते हुए पहुंचे, होटल के कमरे चार संदिग्धों को उठा लिया, ये आतंकी हो सकते हैं। संदिग्धों को पकडने के लिए आगरा आई टीम को अपने साथ सीसीटीवी की डीवीआर भी अपने साथ ले गई है।
कैंट रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल अग्रवाल पैलेस एंड रेस्टोरेंट में चारों युवक शनिवार की रात आए थे। चारों युवक होटल के कमरा नंबर 206 में ठहरे थे। रजिस्टर में एंट्री क्रमांक 236 पर हुई। रात भर के लिए कमरा एक हजार रुपये में लिया था। चार में से दो ने अपनी आईडी दी। इनमें से एक पश्चिमी बंगाल के दार्जलिंग के पानीटैंक के न्यू मार्केट का रहने वाला सुनील कुमार थापा। दूसरा, मिजोरम का जोसनजिआन छुकछुआन है।
सुबह के साढ़े चार बजे हैं। काउंटर पर मालिक रविंद्र गोयल थे, सफेद रंग की दो इनोवा में ऑटोमैटिक हथियार लिए, आठ 10 लोग पहुंचे, उन्होंने चेतावनी दी हिलना मत, वरना गोली मार दूंगा। रविंद्र ने हाथ ऊपर कर लिए, बहुत धीमी आवाज में बोला, भैया आप कौन हो और क्या चाहते हो। एक नजदीक आकर बोला, किडनेप का मामला है, हम सीबीआई वाले हैं, जैसा कहें, वैसा करते जाओ, वरना तुम भी जेल जाओगे। रविंद्र से कहा रजिस्टर दिखाओ। इसमें वह नाम मिल गया, जिसकी तलाश में स्पेशल टीम आई थी। इसके बाद आईडी देखीं तो यकीन पक्का हो गया। रविंद्र से पूछा, कौन से कमरे में ठहरे हैं। उसने बताया 206 । इसके बाद कर्मचारी दिलीप को साथ लिया। उस पर भी एके – 47 तान दी। उसे 206 तक ले गए। वहां गेट पर तीन लोगों ने राइफलें तान दीं। फिर दिलीप ने कमरा खुलवाया। जैसे ही यह खुला, राइफलें ताने अंदर चले गए। यहां से चारों को पकड़ा और हाथ ऊपर करवाकर धीरे धीरे गाड़ी की तरफ ले गए। रविंद्र चुपचाप अपनी जगह खड़ा रहा। जाते हुए उससे पूछा, कैमरे की डीवीआर कहां है। उसने हाथ से इशारा किया। डीवीआर निकाली और हाथ में ले ली। रविंद्र ने कहा, इसे क्यों लो जा रहो। जवाब मिला, दो दिन बाद दे जाएंगे।
एक युवक लेकर आया था होटल, तलाश में जुटी पुलिस
चारों संदिग्धों को एक युवक होटल लेकर आया था, सुरक्षा एजेंसियां और स्थानीय पुलिस उसकी तलाश में जुट गई हैं। इस मामले में पुलिस अधिकारी भी कुछ नहीं बोल रहे हैं, उनका कहना है कि इस तरह की जानकारी मिली है, लेकिन क्या मामला है यह पता नहीं है।
Leave a comment