आगरालीक्स…आगरा रीजन में शादी तय करने पर युवक ने खुद को मारी गोली. मौत. इस बात से था घरवालों से खफा…
आगरा रीजन के मैनपुरी में एक युवक ने शादी तय होने पर खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई. युवक के किसी युवती के साथ प्रेम संबंध थे लेकिन परिजनों ने एटा में उसका रिश्ता तय कर दिया था जिससे युवक खफा था. इसी बात से गुस्से में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मामला मैनपुरी के बिछवां के गांव धौकलपुर तिसौली का है. यहां रहने वाले शेर सिंह कठेरिया के 19 साल के बेटे आदेश कुमार ने खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई. आदेश किसी युवती से प्रेम करता था और उसी से शादी करना चाहता था लेकिन पिता शेर सिंह कठेरिया ने उसकी शादी एटा के एक गांव में रहने वाली युवती से तय कर दी थी. इससे युवक गुस्से में था और रविवार शाम को उसने छत पर बने कमरे में तमंचे से मनपटी पर गोली मार ली. गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने खून से लथपथ आदेश को जिला अस्पताल लेकर भागे लेकिन यहां से उसे मेडिकल कॉलेज सैफई भेज दिया गया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया.
सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने तमंचा बरामद कर लिया है. पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे आत्महत्या मानकर चल रही है. हालांकि इस मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल आदेश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.