आगरालीक्स…आगरा में मौसम का अजब खेल. दिसंबर में लग रही गर्मी. दिन में धूप तेज. तापमान कम होने की जगह बढ़ रहा है.. जानें आने वाले दिनों का मौसम
आगरा में मौसम का अजब खेल देखने को मिल रहा है. कड़ाके की सर्दी वाले दिसंबर के महीने में लोगों को गर्मी का अहसास हो रहा है. दिन में धूप इतनी तेज निकल रही है कि उसमें ज्यादा देर तक बैठा नहीं जा रहा है. इधर तापमान कम होने की बजाए पिछले दो तीन दिन से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को आगरा का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा और यह सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में तापमान में कुछ कमी देखने को मिल सकती है. 15 दिसंबर के बाद मौसम में परिवर्तन आ सकता है क्योंकि पहाड़ों पर इस समय जबर्दस्त बर्फबारी हो रही है और आने वाले सप्ताहभर के अंदर इसका असर मैदानी क्षेत्रों में कड़ाके की सर्दी के रूप में देखने को मिल सकता है.