आगरालीक्स…आगरा में कामायनी कट बंद होने से सैकड़ों लोग रॉन्ग साइड होकर गुजर रहे. गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा पर ट्रैफिक लोड भी बढ़ा
आगरा में हाइवे पर कामायनी कट के बंद होने से सैकड़ों लोगों को रॉन्ग साइड होकर जाना पड़ रहा है. यही नहीं इस कट के बंद होने के बाद से आगरा के गुरुद्वारा गुरु का ताल और सिकंदरा चौराहे पर ट्रैफिक भी बढ़ गया है. लोगों द्वारा लगातार इस कट को खोलने की मांग भी की जा रही है. बता दें कि नेशनल हाइवे अथॉरिटी आफ इंडिया की ओर से हाइवे पर कई कटों को बंद कर दिया गया है, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लग सके. इसी के तहत गुरुद्वारा गुरु का ताल से सिकंदरा तक के पूरे रास्ते पर पड़ने वाले मोड़ों को बंद कर दिया गया. इनमें कामायनी कट भी शामिल हैं.

हाइवे पर इस कट के बंद होने से सैकड़ों लोगों को रॉन्ग साइड पर चलना पड़ रहा है. इस कट के कारण केके नगर, पीपी नगर, गणपति आशियाना, कृष्णा पुरम सहित कई कॉलोनी के वाशिंदों को परेशानी हो रही है. अगर किसी व्यक्ति को आईएसबीटी से रेनबो या सिनर्जी अस्पताल के लिए जाना होता है तो वह गुरुद्वारा गुरु का ताल से ही खुद को रॉन्ग साइड पर ले जाता है और सर्विस रोड से होता हुआ यहां पहुंचता है. इसके अलावा केके नगर या पीपी नगर के लोगों को सिकंदरा चौराहा की तरफ जाना है तो वो भी रॉन्ग साइड होकर निकल रहे हैं. वहीं अगर किसी व्यक्ति को सब्जी मंडी की ओर से कामायानी अस्पताल या नेशनल अस्पताल की तरफ आना हो तो वह सिकंदरा चौराहा से ही खुद को रॉन्ग साइड पर ले आता है जिससे कि उसे गुरुद्वारा गुरु का ताल तक पहुंचकर वापस मोड़कर न आना पड़े.