आगरालीक्स …आगरा में स्टिंग आॅपरेशन के बाद एमडी चिकित्सक को लिंग परीक्षण करते हुए पकडा गया है। वह आठ हजार में लिंग निर्धारण के लिए तैयार हो गया था, हेल्थ डिपार्टमेंट और प्रशासन की कार्रवाई के बाद डॉक्टर को पकड लिया गया है, उससे पूछताछ की जा रही है।
आगरा के यमुना पार में प्रिया हॉस्पिटल के संचालक डॉ राजीव कुमार (एमबीबीएस, एमडी) द्वारा लिंग परीक्षण करने की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिली थी। इस पर एक डमी गर्भवती महिला को साथ लेकर स्टिंग आॅपरेशन की प्लानिंग की गई। शुक्रवार दोपहर में महिला हॉस्पिटल में पहुंची, सादा ड्रेस में पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी थी। गर्भवती महिला का लिंग निर्धारण के लिए डॉ राजीव आठ हजार रुपये में तैयार हो गया, रुपये लेने के बाद वह उसे अल्ट्रासाउंड रूम में ले गया, डॉ राजीव के लिंग परीक्षण करते ही उसे पकड लिया। अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया है। डॉ राजीव कुमार से पूछताछ की जा रही है। प्रिया हॉस्पिटल में पहले भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा था और लाइसेंस निरस्त कर दिया था। प्रिया हॉस्पिटल संचालक डॉ राजीव कुमार का कहना है कि साजिश के तहत फंसाया गया है, अल्ट्रासाउंड मशीन सील थी, किसी तरह का अल्ट्रासाउंड नहीं किया गया है। डीएम गौरव दयाल का मीडिया से कहना है कि स्टिंग की रिपोर्ट के बाद आरोपी डॉक्टर पर कार्रवाई की जाएगी।
(फोटो पीली शर्ट में आरोपी डॉ राजीव )
पांच महीने में तीसरी बार स्टिंग आॅपरेशन
आगरा में पांच महीने में यह तीसरी बार स्टिंग आॅपरेशन कर लिंग परीक्षण करते हुए डॉक्टर को पकडा गया है। इससे पहले 14 जून को राजस्थान पुलिस की पीसीपीएनडीटी सेल ने आगरा कॉलेज के सामने एमजी रोड पर स्थित अमित अल्ट्रासाउंड सेंटर का स्टिंग आॅपरेशन कर लिंग परीक्षण करते डॉ अमित गुप्ता को पकडा था। इसके बाद 22 सितंबर को फतेहाबाद के सलीम मेमोरियल हॉस्पिटल में स्टिंग आॅपरेशन के बाद हॉस्पिटल संचालक 78 वर्षीय अलीमुद्दीन सहित एएनएम शरबती और दलाल हर्ष चौधरी, हरवीर सिंह और कैलाश को पकडा था।
राजस्थान पुलिस ने किया था स्टिंग
गुरुवार को राजस्थान की पीसीपीएनडीटी के डीएसपी रघुवीर सिंह ने आगरा के पुलिस अधिकारियों को स्टिंग आॅपरेशन की जानकारी दी। सुबह टीम की सदस्य पूजा कुमावत अपने साथ एक गर्भवती महिला को हिंडौन निवासी दलाल एएनएम शरबती के साथ लेकर आगरा पहुंची। यहां एएनएम शरबती ने उसकी दलाल हर्ष चौधरी, हरवीर सिंह और कैलाश से मुलाकात कराई। दलालों ने फतेहाबाद में लिंग परीक्षण कराने के लिए कहा, इस पर सभी लोग फतेहाबाद के सलीम मेमोरियल हॉस्पिटल पहुंचे। यहां हॉस्पिटल संचालक 78 वर्षीय अलीमुद्दीन अल्ट्रासाउंड किया और कोख में लडकी बताई। इसी दौरान टीम की सदस्य पूजा ने इशारा कर दिया, वहां पहले से तैनात पुलिस ने हॉस्पिटल संचालक अलीमुद्दीन, एएनएम शरबती सहित दलाल हर्ष चौधरी, हरवीर सिंह और कैलाश को पकड लिया। हॉस्पिटल से अल्ट्रासाउंड की मशीन, सोनोग्राफी मशीन और अन्य उपकरण जब्त कर लिए गए। राजस्थान स्वास्थ्य विभाग के निदेशक नवीन जैन का कहना है कि इस आपरेशन के बारे में आगरा के डीएम गौरव दयाल और डा. प्रीतिंदर सिंह को जानकारी दे दी गई थी। दोनों अधिकारियों ने पूरा सहयोग किया।
Leave a comment