आगरालीक्स…दर्दनाक मामला. बंदरों के हमले से बचने के लिए भागी महिला तीसरी मंजिल से नीचे गली में गिरी…मौत
आगरा रीजन के फिरोजाबाद जिले में दर्दनाक मामला सामने आया है. दक्षिण थाना क्षेत्र के गली बोहरान स्थित श्याम गली में एक 35 साल की महिला बंदरों के हमले से घबराकर तीसरी मंजिल से नीचे गली में गिर गई. महिला की मौके पर ही मौत हो गई. इस दर्दनाक हमले से वहां सनसनी फैल गई. लोगों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया है.

श्याम गली में रेनू गुप्ता पत्नी अंकित गुप्ता रहती थीं. बुधवार सुबह वह करीब आठ बजे मकान की तीसरी मंजिल पर छत पर रखी पानी की टंकी देखने के लिए गई थीं, तभी वहां बंदरों का एक झुंड आ गया और उन्होंने रेनू पर हमला कर दिया. घबराई रेनू वहां से भागी लेकिन अनियंत्रित होकर तीसरी मंजिल से नीचे गली में गिर गई. तेज आवा जाहने पर घर से बाहर लोग आए तो उन्होंने खून से लथपथ रेनू को पड़ा देखा. लोग तुरंत रेनू को अस्पताल लेकर गए लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया. शव को घर लाया गया. शाम कमो अंतिम संस्कार कर दिया गया. लोगों में बंदरों के हमले से आक्रोश है. उनका कहना है कि बंदर बहुत ज्यादा हैं और आए दिन इनके कारण लोग परेशान रहते हैं या चोटिल हो जाते हैं.