आगरालीक्स…आगरा में अग्निवीर सेना भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तारीख घोषित. एकलव्य स्टेडियम में होगी चयनित अभ्यर्थियों की परीक्षा. अनिवार्य नियम भी जारी
सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) का होगा आयोजन
कर्नल सुदेश भांगरा निदेशक अग्निवीर ने अवगत कराया है कि भर्ती कार्यालय आगरा द्वारा जनपद- आगरा, अलीगढ, मथुरा, हाथरस, कासगंज, फिरोजाबाद, एटा, इटावा, झांसी, जालौन, ललितपुर एवं मैनपुरी के युवाओं के लिए भारतीय सेना में भर्ती 20 सितंबर 2022 से 10 अक्टूबर 2022 तक आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज कीठम में हुई थी. इस भर्ती में जो अभ्यर्थी शारीरिक और चिकित्सा परीक्षा में पास हुए थे उनकी लिखित परीक्षा दिनांक 15 जनवरी 2023 को एकलव्य स्टेडियम, आगरा में होने जा रही है।

उन्होंने बताया है कि जो भी अभ्यर्थी लिखित परीक्षा देने आयेंगे, वे अभ्यर्थी 15 जनवरी 2023 को रात्रि 01 बजे से एकलव्य स्टेडियम, आगरा के बाहर उपस्थित होंगे. साथ ही एनसीसी व ‘सी’ प्रमाणपत्र वाले अभ्यर्थी भी परीक्षा स्थल पर उपस्थित होंगे। उन्होंने बताया है कि प्रवेश के लिए क्रमशः अग्निवीर जीडी हेतु रात्रि 01 से 03 बजे तक, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी हेतु 03 से 3ः30 बजे तक, अग्निवीर टेक्निकल हेतु 3ः30 से 04 बजे तक तथा ट्रेड्समैन 10वीं व 8वीं हेतु 04 से 05 बजे तक प्रवेश किये जायेंगे. मुख्य परीक्षा सुबह 11 बजे से 12 बजे के मध्य सम्पन्न होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को यह भी अवगत कराया है कि वह कोविड-19 नियमों का पालन करें और फेस मास्क पहनकर आएंगे, बिना फेस मास्क के प्रवेश वर्जित होगा. जिस भी कैंडिडेट को कोविड-19 लक्षण होंगे वह कैंडिडेट गेट एंट्री टाइम पर सूचित करेगा, ताकि उनकी व्यवस्था अलग से की जा सके।