आगरालीक्स…आगरा में सोमवार से 24 घंटे के लिए इन कॉलोनियों में नहीं होगी पानी की सप्लाई. पानी भरकर रख लें नहीं तो होगी परेशानी. जानिए क्या है कारण
आगरा के केशवकुंज पम्पिंग स्टेशन में 500 मिमी व्यास की पाइप लाइन पर इन्टर कनैक्शन का काम किया जाना है जिसके लिए सोमवार सुबह 10 बजे से मंगलवार सुबह 10 बजे तक पानी की सप्लाई नहीं होगी और स्लूस वाल्व को बंद कर दिया जाएगा जिसके कारण इस पंपिंग स्टेशन से जुड़ी कई कॉलोनियों में पानी नहीं आएगा. इसकी जानकारी जलकल विभाग की ओर से दी गई है.

ये है पूरी जानकारी
आगरा पेयजल आपूर्ति योजना फेज-3 के अन्तर्गत केशवकुंज में स्थित पुराने 1900 किली क्षमता के जीर्ण क्षीर्ण जोनल पम्पिंग स्टेशन के रिप्लेसमेंट के रूप में इसी प्रांगण में समान क्षमता का नया जोनल पम्पिंग स्टेशन निर्मित किया जाना है. इसके लिए स्टैण्ड बाई हेतु 450 किली सीडब्ल्यूआर का निर्माण कार्य किया गया है, इसको चालू करने के लिए लोहामण्डी से केशवकुंज के लिए बिछायी गयी राइजिंग मेन में लगे 500 मिमी० व्यास के स्लूस वाल्व को बन्द कर इन्टरकनैक्शन का कार्य किया जाना है.
इस कार्यवाही के लिए सिकन्दरा जल शोधन सयंत्र से केशवकुंज क्षेत्र को पोषित पम्प को 24 घण्टे के लिए शट डाउन दिया जाएगा. इससे केशवकुंज, जयपुर हाउस, गढ़ी भदौरिया, मानस नगर, पाण्डव नगर, आनन्द नगर, केशवपुरा, जगदीश पुरा, वीधा नगर, सरस्वती नगर चाणक्य पुरी इत्यादि क्षेत्रों की जलापूर्ति 24 घंटे के लिए बाधित रहेगी. इन क्षेत्रों में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में टैंकरों से पेयजल प्रदान किया जाएगा.