आगरालीक्स…आगरा में स्कूल के अंदर छात्रा से छेड़छाड़. दो टीचर्स सहित तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज. पुलिस कर रही जांच
आगरा के एक गांव में स्कूल के अंदर छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामल सामने आया है. छात्रा ने दो टीचरों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है और परिजनों ने जब इसकी शिकायत की तो उनके साथ मारपीट की गई. पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है. वहीं टीचरों का कहना है कि छेड़छाड़ के आरोप निराधार हैं. स्कूल का काम पूरा न करने पर छात्रा को डांटा गया था.
ये है पूरा मामला
14 वर्षीय एक छात्रा रोजाना की तरह स्कूल में पढ़ने के लिए गई थी. आरोप है कि छात्रा को क्लास में अकेला देख टीचर धर्मवीर और अनुज ने उसके साथ छेड़छाड़ की और अश्लील हरकतें करते हुए गलत काम करने की कोशिश की. इस पर छात्रा ने शोर मचा दिया जिससे अन्य क्लास में आए छात्र वहां आ गए. जिससे छात्रा वहां से निकल गई और इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी. इस पर छात्रा की भाभी शिकायत लेकर स्कूल पहुंची तो आरोप है कि यहां मौजूद अध्यापिका रश्मि पत्नी अनुज ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट कर दी.

इधर मामले को लेकर अन्य बच्चों के परिजन भी वहां पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई. पुलिस ने अन्य बच्चों से इस मामले में पूछताछ की है. पुलिस के अनुसार उस समय 9 बच्चे थे, सभी के बयान दर्ज किए गए हैं. वहीं अध्यापकों का कहना है कि छात्रा को क्लास वर्क करने पर डांट कर थप्पड़ मार दिया था. छेड़छाड़ के आरोप निराधार हैं. छात्रा के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी धर्मवीर, अनुज और शिक्षिका रश्मि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और पीड़ित छात्रा को मेडिकल के लिए भेजा है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.