आगरालीक्स…दुखद और दर्दनाक. 4 साल की थी रूशाली. एक दिन पहले बहन के जन्मदिन में बिखेर रही थी अपनी हंसी. दादा की थी लाडली. बिल्डिंग हादसे में बच्ची की मौत से हर कोई दुखी…
आगरा के धूलियागंज में धर्मशाला की खुदाई के दौरान गिरी बिल्डिंग के मलबे में दबकर 4 साल की रूशाली की मौत हो गई. एक घंटे तक वह मलबे में दबी रही. आसपास के लोगों ने मलबे में दबे सभी लोगों को निकालने में अपनी पूरी कोशिश की लेकिन जब तक वे रूशाली के पास पहुंचते और उसे बाहर निकालते उसकी मौत हो गई. एसएन में चिकित्सकों ने जब उसे मृत घोषित कर दिया तो हर किसी की आंख नम हो गई.

रूशाली अपने दादा की लाडली थी और हर किसी की खुशी. एक दिन पहले ही उसने अपनी बहन का जन्मदिन धूमधाम से मनाया था. परिवार में खुशियां थीं. सुबह दादा मुकेश उसे अपने साथ लेकर छत से कमरे में आए थे कि तभी मकान में कंपन होने लगा. 100 साल पुरानी धर्मशाला के अंदर निर्माण कार्य चल रहा था और उसके बेसमेंट में खुदाई हो रही थी जिससे उनके मकान में कंपन हुआ. हादसे को भांपते हुए परिवार के लोग मकान खाली करने की तैयारी कर ही रहे थे. मुकेश की पत्नी मालती देवी, बेआ विवेक, पुत्रवधु प्राची, नातिर बेदई और रूशाली व साले का लड़का गौरव घर में थे. सामान पैक किया जा रहा था जोि क पास के ही एक किराए पर लिए गए मकान में शिफ्ट करना था. घर का पिछले हिस्सा गिर गया जिसमें विवेक और बेदई और रूशाली दब गए.
आसपास के लोगों ने आधा घंटे के अंदर विवेक और बेदई को तो बाहर निकाल लिया लेकिन रूशाली को निकालने में करीब एक घंटा लग गया. उसे निकालकर अस्पताल लेकर गए लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बेटी की मौत ने परिवार में कोहराम मचा दिया है.
फंस गए एडीए के कर्मचारी
धर्मशाला के बेसमेंट की खोदाई एडीए की अनुमति के बिना की जा रही थी, यह मामला सामने आते ही गुरुवार शाम को एडीए के जेई राजू मेहरा निवासी फुलटटी के घर पहुंचे, राजू मेहरा का कहना है कि उनके पास एडीए के जेई का फोन आया। कहा कि हम घर पर हैं घर आ जाओ। वे घर पहुंच गए, उन्हें जेई ने दो नोटिस दिए। नोटिस पर नाम राजू मेहरा लिखा था लेकिन पता अलग था उन्होंने जेई से कहा कि यह नोटिस किसी और राजू मेहरा के नाम से जारी हुआ है, वे नोटिस वापस करते तब तक जेई वहां से चला गया।
ये जारी किया नोटिस
एडीए के नोटिस पर तारीख 23 जनवरी लिखी है, राजू मेहरा व गौतम मेहरा निवासी छिली ईंट रोड लिखा है। इसमें लिखा है कि स्थल पर एक हजार वर्ग गज की पूर्व निर्मित धर्मशाला को गिराकर बेसमेंट खोदाई का काम चल रहा है, इसकी स्वीक्रति नहीं ली गई है, काम बंद किया जाए। पालन न करने पर 1250 प्रतिदिन के हिसाब से जुर्माना लगाने की बात कही गई। इसके साथ ही एक और नोटिस जारी किया गया है। इसमें इस नोटिस में राजू मेहरा व गौतम मेहरा को बेसमेंट खुदाई की स्वीकृति न दिखाने पर एडीए कार्यालय में 3 फरवरी को तलब किया गया है।
मुकदमा हुआ दर्ज
मकान ढहने से चार साल की मासूम की मौत के मामले में मुकेश शर्मा की तहरीर पर थाना कोतवाली में धर्मशाला में निर्माण कराने वाले हरेश और धर्मशाला ट्रस्ट के अध्यक्ष राजू मेहरा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और लोक व्यवस्था भंग करने सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एडीए वीसी का यह है कहना
इस मामले में एडीए वीसी चर्चित गौड़ का मीडिया से कहना है कि प्रवर्तन विभाग के अधिकारियों की कमी सामने आ रही है। इस पूरे मामले की जांच कराई जा रही है, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।