आगरालीक्स…. आगरा में 74 वें गणतंत्र दिवस पर संविधान प्रस्तावना का संकल्प दिलवाया गया, सरकारी कार्यालयों के साथ ही स्कूल और निजी कार्यालयों में गणतंत्र दिवस मनाया गया।

गुरुवार को मण्डलायुक्त अमित गुप्ता ने कमिश्नरी में झण्डारोहण करने के बाद संविधान प्रस्तावना की संकल्प दिलायी। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कलेक्ट्रेट प्रांगण में झण्डारोहण किया। पुलिस लाइन ग्राउण्ड में पुलिस आयुक्त प्रीतिन्दर सिंह द्वारा पुलिस लाइन में संविधान प्रस्तावना की शपथ दिलायी। साथ ही जिलाधिकारी महोदय ने कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रितों को सम्मानित किया।
मण्डलायुक्त अमित गुप्ता ने कहा कि देश ने बहुत विकास किया है, लेकिन हमें अभी भी बहुत कुछ करना बाकी है, जिसके लिये रूढ़वादी सोच जैसे- दहेज प्रथा, भ्रूण हत्या, बाल श्रम जैसी कुप्रथाओं पर विजय प्राप्त करनी होगी, तभी हम पूरी तरह से आगे बढ़ने में सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत बनाने के साथ-साथ आगे बढ़ाना है तो हम सभी को अपनी भावनाओं में एकता और आखण्डता को समाहित करना होगा।
पुलिस लाइन ग्राउण्ड में पुलिस परेड की कैबिनेट मंत्री महिला कल्याण एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, यूपी बेबीरानी मौर्य ने सलामी ली। कहा कि आज ही के दिन 26 जनवरी सन् 1950 को देश का संविधान लागू किया गया था, उसी उपलक्ष्य में भारत देश के प्रत्येक नागरिक के द्वारा गणतंत्र दिवस को बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है, गणतंत्र का अर्थ है जनता के द्वारा जनता के लिए शासन, 26 जनवरी 1950 को हमारे देश भारत को गणतंत्र देश के रूप में घोषित किया गया था। सभी भारतीय नागरिको के द्वारा यह दिवस बिना भेद-भाव के मनाया जाता है, हम सभी देश वासियों को भारत का नागरिक होने का गर्व हैं। समाज में, हमारी अलग जाति, धर्म या कई अन्य बोलियां हैं, लेकिन हम फिर भी भारतीय हैं।