आगरालीक्स…आगरा की पॉश सोसाइटी के रहने वालों ने बिल्डर के घर का किया घेराव. बिजली, पानी जैसी सुविधाओं को कर दिया बंद. टैंकर से भरना पड़ रहा पानी, स्वीपर तक नहीं आ रहा…
आगरा की गणपति क्लासिक सोसाइटी के रहने वाले लोगों ने आज बिल्डर निखिल अग्रवाल के घर का घेराव किया. सिकंदरा के इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित गणपति क्लासिक सोसाइटी के निवासियों ने आरोप लगाया है कि बिल्डर द्वारा सोसाइटी को दी जाने वाली बिजली, पानी जैसी सारी सुविधाओं को बंद कर दिया गया है पिछले काफी दिनों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. पानी के लिए टैंकर मंगाकर काम चलाना पड़ रहा है. सोसाइटी में करीब 275 फैमिली रह रही हैं जिसमें करीब 250 वर्तमान में हैं.

इसको लेकर आज सोसाइटी के करीब 250 लोगों ने बिल्डर के घर का घेराव किया. विजय नगर स्थित बिल्डर निखिल अग्रवाल के घर पर सभी लोगों ने प्रदर्शन किया. लोगों ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद बिल्डर निखिल अग्रवाल ने यहां कोई मुलाकात नहीं की वे कभी सिकंदरा थाने तो कभी हरीपर्वत थाने पर रहे. बाद में पुलिस के पहुंचने पर बिल्डर ने सोसाइटी में ही लोगों से मुलाकात की. लोगों का कहना है कि पिछले सात सालों से हम लोग यहां रह रहे हैं लेकिन चार पांच सालों से हमें काफी परेशन किया जा रहा है.
निवासियों का कहना है कि गणपति क्लासिक सोसायटी मैं दैनिक कार्य एवं रखरखाव के लिए बिल्डर द्वारा गुडलक फैसिलिटी संस्था को रखा गया है जो कि अपने कार्य पूरी तरह से करने में अक्षम है. यहां एक लड़की को बिठा रखा है जिससे शिकायत करने जाते हैं तो कोई सुनवाई नहीं होती है. इसकी सूचना बिल्डर को कई वर्षों से लगातार दी जा रही है परंतु बिल्डर के द्वारा कोई भी उचित कार्यवाही अभी तक नहीं की गई. बाद में इसकी शिकायत जिलाधिकारी और सिकंदरा थाने में की गई तो सोसाइटी की बुनियादी सुविधाएं जैसे बिजली और पानी की सप्लाई को ही बंद कर दिया गया. यही नहीं स्वीपर को भी सोसाइटी में नहीं आने दिया जा रहा है. बेसमेंट में पानी भरा हुआ है जिससे उसके गिरने का खतरना भी है. सोसाइटी में रहने वाले समस्त निवासी परेशान है.
सोसाइटी के रहने वाले लोगों का कहना है कि गुडलक फैसिलिटी द्वारा लगभग 6 से 8 लाख रुपए प्रतिमाह समस्त निवासियों से दैनिक कार्य एवं रखरखाव के नाम पर वसूले जा रहे हैं. लेकिन पिछले तीन-चार दिन से सफाई कर्मचारी, पानी, लाइट एवं सभी कार्य बाधित कर दिए गए हैं. बिल्डर ने ऐसा पहले कई बार किया है. लोग पानी के टैंकर मंगाकर पानी पीने के लिए मजबूर है. 11 मंजिल से लोग नीचे आकर पानी बाल्टी में भरकर ले जा रहे हैं.
ये है मांग
सोसाइटी के लोगों की मांग है कि बिल्डर द्वारा संचालित गुडलक संस्था को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए और बिल्डर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और गणपति निवासियों को उनका अधिकार दिया जाए. वहां की संस्था आरडब्ल्यूए को बिल्डर के द्वारा सौंपी जाए और जितने भी अधूरे कार्य बिल्डर के द्वारा रह गए हैं उन्हें पूर्ण कराया जाए. अध्यक्ष के रूप में गणपति सोसाइटी के संक्रेश शर्मा, दिशांत जयसवाल, मुकुल द्विवेदी, विपिन सेवर, दीपक गंगल, रिचा निगम, राजेश अग्रवाल, शीतल शर्मा, हिमांशु शर्मा, डॉक्टर हमबीर सिंह, किशोर अग्रवाल, हरीश सहगल, सुमित चतुर्वेदी समस्त सोसाइटी के निवासी गण उपस्थित रहे.