आगरालीक्स …आगरा में छठ पर्व पर शाम से ही यमुना घाटों पर भीड उमड पडी। छठ मैया को मनाने और ढलते सूरज की उपासना की गई, सूर्य छिपने को हुआ, वैसे ही शंख ध्वनि हुई, आरती गाई और पूजन किया। महिलाओं ने यमुना के जल में खड़े होकर रितु फलों के साथ सूर्य को अर्घ्य देकर उपासना की। परिवार के साथ ही समाज के देश की सुख-समृद्धि की कामना की गई। सोमवार को उगते सूरज को नमन किया जाएगा।
बल्केश्वर घाट पर पूजन के बाद महाआरती की गई।एडीए सचिव राजकुमार, आयकर अधिकारी संतोष कुमार, अशोक चौबे मौजूद रहे। रामबाग घाट पर महिलाओं ने सूर्य उपासना के साथ ही यमुना मैया की आरती भी की। आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को एक-एक दीप जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सोमवार सुबह सूर्य उदय से पहले ही घाटों पर श्रद्धालु जुटना शुरू हो जाएंगे। उगते सूर्य की कच्चे दूध से पूजा अर्चना की जाएगी। महिलाएं अपना शनिवार रात से चला आ रहा निर्जला व्रत खोलेंगी।
Leave a comment