आगरालीक्स…आगरा सहित यूपी में निकाय चुनाव मई में हो सकते हैं. राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट…
अगर सबकुछ ठीक रहा तो मई 2023 में आगरा सहित पूरे यूपी में निकाय चुनाव हो सकते हैं. राज्य सरकार ने नगर निकाय चुनाव में पिछड़ी जातियों का आरक्षण तय करने के लिए गठित उप्र राज्य समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाखिल कर दी है. अब सुप्रीम कोर्ट इस मामले पर सुनवाई कर फैसला देगा जिसके आधार पर सरकार आगे निकाय चुनाव पर कार्रवाई करेगी. बता दें कि निकाय चुनाव में पिछड़ों के लिए आरक्षित सीटों की जारी सूची पर विवाद का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था. कोर्ट ने राज्य सरकार को पिछड़ा वर्ग का आयोग गठन करके पिछड़ा वर्ग के आरक्षण का परीक्षण करने के निर्देश दिए थे और आयोग को 31 मार्च तक रिपोर्ट तैयार करने की समयसीमा तय की थी.

सरकार द्वारा गठित आयोग ने तय समयसीमा से 22 दिन पहले अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी थी और अब सरकार ने भी आयोग की रिपोर्ट को कैबिनेट से मंजूरी देने के बाद उसे सुप्रीम कोर्ट में दाखिल कर दिया है. सुप्रीम कोर्ट से इस प्रकरण पर सुनवाई के लिए तारीख देने का अनुरोध किया गया. सूत्रों के अनुसार सुप्रीम कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद भी तैयारियों को पूरा करने में कम से कम 25 दिन लगेंगे. ऐसे में अप्रैल के अंतिम सप्ताह में निकाय चुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी करने के लिए प्रस्ताव भेजने की तैयारी है जिससे मई में चुनाव संपन्न् कराया जा सके.